Bihar Politics: दिल्ली में कांग्रेस स्क्रीनिंग कमेटी की बैठक आज, राहुल गांधी बनाएंगे बड़ी रणनीति, चुनाव से पहले करेंगे खेला

Bihar Politics: दिल्ली में आज कांग्रेस स्क्रीनिंग कमेटी की बैठक होगी। 11 बजे कांग्रेस कार्यालय में बैठक शुरु होगी। बिहार विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस बिहार में अपनी स्थिति मजबूत करने के लिए लगातार कई रणनीति बना रही है।

कांग्रेस की स्क्रीनिंग कमेटी आज - फोटो : social media

Bihar Politics:  बिहार विधानसभा चुनाव से पहले सियासी हलचल तेज है। सभी पार्टी अपने अपने स्तर से चुनावी तैयारी में जुटी हुई हैं। नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव जहां एक ओर बिहार अधिकार यात्रा पर हैं तो वहीं दूसरी ओर कांग्रेस ने भी अपनी रणनीति तेज कर दी है। दिल्ली में आज कांग्रेस स्क्रीनिंग कमेटी की बैठक होनी है। जिसमें प्रभारी कृष्णा अल्लावरू, प्रदेश अध्यक्ष राजेश राम, शकील अहमद खान, मदन मोहन झा समेत कमेटी के सदस्य मौजूद रहेंगे। यह बैठक सुबह 11 बजे कांग्रेस मुख्यालय में शुरू होगी।

पटना में पहली बार CWC की बैठक

गौरतलब हो कि, चुनाव से पहले कांग्रेस ने ऐतिहासिक कदम उठाते हुए पार्टी की सर्वोच्च निर्णय लेने वाली संस्था कांग्रेस वर्किंग कमेटी (CWC) की बैठक पटना में आयोजित करने का फैसला लिया है। यह बैठक 24 सितंबर को सदाकत आश्रम में संभावित है। बैठक में सोनिया गांधी, मल्लिकार्जुन खरगे, राहुल गांधी, केसी वेणुगोपाल समेत देश भर के बड़े नेता मौजूद रहेंगे। इसमें चुनावी रणनीति, उम्मीदवार चयन, गठबंधन समीकरण और संगठन की मजबूती जैसे अहम मुद्दों पर चर्चा होगी।

कमजोर जनाधार को मजबूत करने में जुटी कांग्रेस

बिहार में लंबे समय से कांग्रेस का जनाधार कमजोर रहा है। 2015 में महागठबंधन से कुछ सफलता जरूर मिली, लेकिन 2020 के चुनाव में उम्मीद के मुताबिक प्रदर्शन नहीं हो पाया। ऐसे में पटना में CWC की बैठक कर कांग्रेस यह संदेश देना चाहती है कि वह बिहार को हल्के में नहीं ले रही।

पार्टी को मजबूत कर रही कांग्रेस

विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस कार्यकर्ताओं में ऊर्जा भरना चाहती है। कांग्रेस विपक्षी दलों को चुनावी तैयारी का संदेश देना चाहती है। साथ ही बिहार में पार्टी की जमीन मजबूत करने का प्रयास कर रही है। बैठक में कई राज्यों के मुख्यमंत्री, पूर्व मुख्यमंत्री और दिग्गज नेता भी शामिल होंगे। बिहार कांग्रेस नेतृत्व का मानना है कि यह सम्मेलन प्रदेश संगठन को नई दिशा और मजबूती देगा।