Bihar News: शंभू गर्ल्स हॉस्टल कांड को लेकर जमकर भड़की कांग्रेस की महिला कार्यकर्त्ता, चूड़ियों के साथ किया प्रदर्शन, कहा जो हुआ उसके जिम्मेवार सम्राट चौधरी

Bihar News: पटना में नीट छात्रा की हत्याकांड मामले को लेकर कांग्रेस सड़क पर उतरी। कांग्रेस नेताओं ने बिहार सरकार पर गंभीर आरोप लगाया। महिला कार्यकर्ताओं ने तो सम्राट चौधरी के लिए चूड़ियां लेकर पहुंच गई। साथ ही सीएम नीतीश का पुतला भी जलाया।

सम्राट चौधरी के लिए चूड़ियां लेकर पहुंची महिलाएं - फोटो : social media

Bihar News: बिहार में नीट छात्रा के साथ कथित दुष्कर्म और मौत मामले में राजनीति गरमा गई है। विपक्षियों ने सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। इसी कड़ी में आज बिहार कांग्रेस के कार्यकर्ता सड़क पर उतर गए। कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने जमकर प्रदर्शन किया। इस दौरान महिला कार्यकर्ताओं ने गृह मंत्री और डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी के लिए चूड़ियां लेकर पहुंची। महिलाओं ने कहा कि वो ये चूड़ियां सम्राट चौधरी को देंगे। चूड़ियां महिलाओं की शक्ति का प्रतीक है और सृष्टि रचती है। शंभू गर्ल्स हॉस्टल में जो हुआ इसका जिम्मेदार एक ही शख्स है और वो है सम्राट चौधरी। कांग्रेस नेताओं ने जमकर हंगामा किया।

सम्राट चौधरी पर कांग्रेस का आरोप 

दरअसल, पटना में नीट की छात्रा के साथ कथित दुष्कर्म और मौत के मामले को लेकर बिहार की राजनीति गरमा गई है। एक तरफ सरकार दोषियों पर सख्त कार्रवाई का भरोसा दिला रही है, तो दूसरी ओर विपक्षी दल कांग्रेस सड़कों पर उतरकर सरकार को घेर रही है। डिप्टी मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि सरकार की ओर से पुलिस को पूरी छूट दी गई है। उन्होंने कहा, “एसआईटी अपना काम कर रही है। जो भी दोषी होगा, उसे खींचकर सभी के सामने लाया जाएगा। किसी को बख्शा नहीं जाएगा।” वहीं दूसरी ओर कांग्रेस ने उपमुख्यमंत्री पर ही गंभीर आरोप लगा दिया है। 

कांग्रेस ने सीएम नीतीश का फूंका पुतला 

मामले को लेकर कांग्रेस ने पटना में सरकार के खिलाफ प्रदर्शन शुरू कर दिया। इस प्रदर्शन में बिहार कांग्रेस अध्यक्ष राजेश राम और पार्टी प्रभारी कृष्णा अल्लावरू भी मौजूद रहे। इनकम टैक्स चौराहे पर हुए प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का पुतला दहन किया। कांग्रेस प्रभारी कृष्णा अल्लावरू ने कहा कि पुलिस ने शुरू में इस मामले को दबाने की कोशिश की। उन्होंने कहा कि, जनता के दबाव के बाद एफआईआर दर्ज की गई। एसआईटी बनी है, लेकिन जांच निष्पक्ष और पारदर्शी होनी चाहिए। वहीं प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राजेश राम ने कहा कि “पूरे बिहार का रिकॉर्ड देख लीजिए। किसी भी थाने में आसानी से एफआईआर दर्ज नहीं होती। मामला हाईलाइट हुआ तो एसआईटी बना दी गई, ताकि इसे दबाया जा सके। अगर एसआईटी दूध का दूध, पानी का पानी नहीं करती है, तो कांग्रेस लगातार सड़क पर उतरेगी।”

सम्राट चौधरी के लिए चूड़ियां लेकर पहुंची महिलाएं 

प्रदर्शन के दौरान महिला कांग्रेस कार्यकर्ता गृह मंत्री सम्राट चौधरी के लिए चूड़ियां लेकर पहुंचीं। महिला कार्यकर्ताओं ने कहा कि चूड़ियां महिलाओं की शक्ति का प्रतीक हैं। एक महिला कार्यकर्ता ने आरोप लगाया, “शंभू गर्ल्स हॉस्टल में जो हुआ, उसके जिम्मेदार सिर्फ एक व्यक्ति हैं और वह हैं गृह मंत्री सम्राट चौधरी।” प्रदर्शन के दौरान एक महिला कार्यकर्ता ने सवाल उठाते हुए कहा कि मामले में अब तक स्पीडी ट्रायल और फांसी की सजा की बात क्यों नहीं की गई। उन्होंने आरोप लगाया कि सबूत मिटने के बाद एसआईटी का गठन किया गया। उन्होंने कहा कि, “यह ड्रामा बंद होना चाहिए। महिला हो या पुरुष, दोषी को सजा मिलनी चाहिए। बेटी की बेइज्जती बर्दाश्त नहीं की जाएगी।"

विपक्ष की लगातार मांग

कांग्रेस के अलावा अन्य विपक्षी नेता भी मामले में न्याय की मांग कर रहे हैं। राजद नेत्री रोहिणी आचार्य ने सोशल मीडिया पर सवाल उठाया कि आरोपी कब गिरफ्तार होंगे। वहीं पूर्णिया के सांसद पप्पू यादव ने डॉक्टर, हॉस्टल संचालक और पुलिस की भूमिका पर भी सवाल खड़े किए हैं। फिलहाल नीट छात्रा रेप–मौत मामला बिहार की राजनीति का बड़ा मुद्दा बन गया है। जहां सरकार जांच और कार्रवाई का भरोसा दिला रही है, वहीं विपक्ष न्याय और जवाबदेही की मांग को लेकर लगातार दबाव बना रहा है।