लालू यादव से जुड़े IRCTC मनी लॉन्ड्रिंग केस में 9 जून को आएगा कोर्ट का फैसला, बढ़ेगी मुसीबत
IRCTC SCAM : लालू यादव से जुड़े IRCTC घोटाले के मनी लॉन्ड्रिंग मामले में दिल्ली की Rouse Avenue Court में शुक्रवार को होने वाली सुनवाई टल गई। अब अदालत इस मामले में 9 जून को अपना फैसला सुनाएगी। इस केस में पूर्व रेल मंत्री लालू यादव, राबड़ी देवी और तेजस्वी यादव समेत कई आरोपियों के खिलाफ प्रवर्त्तन निदेशालय ने कार्रवाई की है। इससे पहले मामले की सुनवाई 6 मई को हुई थी, लेकिन उस दिन भी अदालत ने अपना फैसला सुरक्षित रख लिया था। कोर्ट आरोप तय करने की प्रक्रिया पहले ही पूरी कर चुकी है। ऐसे में अब सभी की नजरें 9 जून को आने वाले फैसले पर टिकी हैं।
ईडी ने इस मामले में लालू यादव परिवार के खिलाफ चार्जशीट दाखिल की है। जांच एजेंसी का कहना है कि मामले में पर्याप्त सबूत मौजूद हैं, जिसके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा सकती है। बताया जा रहा है कि लालू परिवार ने निचली अदालत के अक्टूबर 2025 के उस आदेश को दिल्ली हाईकोर्ट में चुनौती दी है, जिसमें उनके खिलाफ भ्रष्टाचार के आरोप तय किए गए थे।
वहीं Central Bureau of Investigation ने इस याचिका का विरोध करते हुए अदालत में कहा है कि जांच के दौरान कई अहम दस्तावेज और साक्ष्य मिले हैं, जो आरोपों को मजबूत करते हैं। अब इस हाई-प्रोफाइल मामले में अदालत के अगले फैसले पर राजनीतिक और कानूनी हलकों की नजर बनी हुई है।