बिहार में अपराधी हुए सम्राट, अब हम पर नहीं लगेगा परिवारवाद का आरोप : तेजस्वी यादव

Bihar Politics : नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने बिहार के कानून व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़ा किया है। वहीं निशांत कुमार के मंत्री बनने पर जमकर चुटकी ली है। जानिए तेजस्वी ने क्या कहा है....

बीजेपी पर जमकर बरसे तेजस्वी- फोटो : रंजन कुमार

Patna : बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री और नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने राज्य और देश के मौजूदा राजनीतिक हालात को लेकर सत्ता पक्ष पर तीखा हमला बोला है। बंगाल चुनाव परिणामों पर प्रतिक्रिया देते हुए उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी कहीं भी दौड़ में नहीं थी और नतीजों ने यह स्पष्ट कर दिया है। तेजस्वी ने चुनाव प्रक्रिया पर सवाल उठाते हुए इसे 'लुट तंत्र' करार दिया और चुनाव आयोग की भूमिका पर भी कटाक्ष किया। उन्होंने कहा कि जब व्यवस्था ही बेईमान हो जाए, तो न्याय की उम्मीद किससे की जा सकती है। तेजस्वी ने संकल्प दोहराया कि वे आखिरी सांस तक संघर्ष करेंगे और भाजपा के हर षडयंत्र का पर्दाफाश करेंगे।


बिहार की कानून-व्यवस्था और अपराधियों का बोलबाला

राज्य की कानून-व्यवस्था पर गंभीर चिंता जताते हुए तेजस्वी ने कहा कि बिहार में आज अपराधी 'सम्राट' और 'विजयी' हो चुके हैं। उन्होंने एनकाउंटर की नीति पर बड़ा बयान देते हुए इसे फर्जीवाड़े की आशंका से जोड़ा। तेजस्वी के अनुसार, आने वाले समय में जांच के नाम पर फर्जी एनकाउंटर कराए जा सकते हैं ताकि मूल मुद्दों से ध्यान भटकाया जा सके और विपक्ष को गाली दी जा सके। उन्होंने उत्तर प्रदेश की तर्ज पर बिहार में चल रहे 'बुलडोजर' को भी केवल ध्यान भटकाने वाला स्टंट बताया।


पुल गिरने और खजाना खाली होने का दावा

तेजस्वी यादव ने राज्य के बुनियादी ढांचे और वित्तीय स्थिति पर हमला बोलते हुए कहा कि बिहार में पुल लगातार गिर रहे हैं, लेकिन सरकार में कोई इसे देखने वाला नहीं है। उन्होंने दावा किया कि बिहार का खजाना खाली हो चुका है, जिसके कारण विकास कार्य पूरी तरह ठप हैं। अनंत सिंह पर दर्ज हुए हालिया मामलों पर प्रतिक्रिया देते हुए उन्होंने कहा कि अपराधी खुलेआम घूम रहे हैं और सरकार का तंत्र केवल राजनीतिक विरोधियों को निशाना बनाने में लगा है। उन्होंने साफ कहा कि इन लोगों को विकास और जनसेवा से कोई सरोकार नहीं है।


राष्ट्रीय विस्तार और विरोधियों को चुनौती

केरल चुनाव परिणामों का जिक्र करते हुए तेजस्वी ने खुशी जाहिर की कि उनकी पार्टी ने पहली बार वहां तीन उम्मीदवार उतारे, जिनमें से एक ने जीत दर्ज की। उन्होंने उन आलोचकों को भी चुनौती दी जो उनके दौरों के बाद हार का दावा करते हैं। तेजस्वी ने कहा कि जो लोग ऐसी बातें कर रहे हैं, अगर उनमें हिम्मत है तो एक विधायक का चुनाव जीतकर दिखाएं। उन्होंने दोहराया कि लालू जी और उनके परिवार को केवल इसलिए निशाना बनाया जा रहा है ताकि आरएसएस के लोगों को खुश किया जा सके, लेकिन वे डरने वाले नहीं हैं और अपनी लड़ाई जारी रखेंगे।


परिवारवाद और मंत्रिमंडल विस्तार पर प्रहार

निशांत के मंत्री बनने के सवाल पर तेजस्वी ने चुटकी लेते हुए कहा कि कौन क्या बन रहा है, इससे जनता को कोई फर्क नहीं पड़ता। उन्होंने पलटवार करते हुए कहा कि अब कम से कम विपक्ष पर परिवारवाद का आरोप तो नहीं लगेगा। तेजस्वी ने सरकार की स्थिरता पर सवाल खड़ा करते हुए कहा कि पिछले सात महीनों में बिहार ने दो-दो मुख्यमंत्री देख लिए, लेकिन सरकार का गठन अब तक नहीं हो पाया है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार का ध्यान केवल सत्ता के समीकरण बिठाने पर है, न कि जनता के काम करने पर।


रंजन कुमार की रिपोर्ट