Bihar News: रिटायर्ड सिविल सर्जन के घर अपराधियों का तांडव, परिवार को गनपॉइंट पर लेकर दिया 'जहरीला' इंजेक्शन, हालत नाजुक

Bihar News:

Bihar News: बिहार के जमुई से बड़ी खबर सामने आ रही है। जहां रिटायर्ड सिविल सर्जन के घर बेखौफ अपराधियों ने तांडव मचाया है। जानकारी अनुसार रिटायर्ड सिविल सर्जन के घर में घुसकर अपराधियों ने लूटपाट की है। वहीं पिस्टल के बल पर परिजनों को जहरीला इंजेक्शन देकर बेहोश कर दिया। जिसके बाद घर में लूटपाट मचाया। 

रिटायर्ड सिविल सर्जन के घर लूटपाट 

जानकारी अनुसार सोमवार अहले सुबह गिद्धौर थाना के ठीक सामने रिटायर्ड सिविल सर्जन विजयेंद्र सत्यार्थी के घर में घुसकर अपराधियों ने पिस्टल के बल पर लूटपाट की वारदात को अंजाम दिया। अपराधियों ने पहले घर में मौजूद तीन लोगों को इंजेक्शन लगाकर बेहोश किया और फिर जमकर लूटपाट की।

नजारा देख हैरान हुए पड़ोसी 

घटना की जानकारी सुबह करीब 8:30 बजे उस वक्त हुई, जब पड़ोसी किसी काम से घर खुलवाने पहुंचे। अंदर का नजारा देख वे हैरान रह गए। रिटायर्ड सिविल सर्जन विजयेंद्र सत्यार्थी, उनकी पत्नी पुष्पम सत्यार्थी और पुत्र बिक्रम सत्यार्थी बेहोशी की हालत में पड़े थे। इसके बाद इलाके में हड़कंप मच गया। स्थानीय लोगों की मदद से तीनों को तुरंत सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां अस्पताल उपाधीक्षक डॉ. सैयद नौशाद अहमद, एसीएमओ डॉ. अरविंद कुमार समेत चिकित्सकों की टीम उनका इलाज कर रही है।

थाना से महज 20 फीट की दूरी पर घटी घटना 

चौंकाने वाली बात यह है कि यह पूरी वारदात गिद्धौर थाना से महज 20 से 25 फीट की दूरी पर हुई है, जिसने पुलिस प्रशासन की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। थाना के सामने इतनी बड़ी घटना को अंजाम देकर अपराधी फरार हो गए, जबकि पुलिस को भनक तक नहीं लगी।

इलाके में मचा हड़कंप 

घटना के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और अपराधियों की तलाश की जा रही है। हालांकि, थाना के ठीक सामने हुई इस सनसनीखेज लूट ने गिद्धौर थाना पुलिस की कार्यप्रणाली पर बड़ा सवालिया निशान जरूर लगा दिया है।

जमुई से सुमित की रिपोर्ट