Bihar News: पटना में अपराधियों का तांडव, IT मैनेजर से चेन छीनकर फरार हुए अपराधी, इलाके में हड़कंप

Bihar News: बिहार में अपराधिक घटनाएं चरम पर है। इसी बीच अपराधियों ने बड़ी घटना को अंजाम दिया है। अपराधियों ने आईटी मैनेजर से चेन छीन लिया है। घटना के बाद इलाके में दहशत फैल गई है।

IT मैनेजर से छीनतई - फोटो : reporter

Bihar News: राजधानी पटना में अपराध की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। ताजा मामला कदमकुआं थाना क्षेत्र से सामने आया है, जहां दिनदहाड़े चेन स्नैचिंग की वारदात को अंजाम दिया गया। जानकारी के अनुसार, बिजली विभाग में कार्यरत आईटी मैनेजर सुष्मिता, जो आलमगंज थाना क्षेत्र के बजरंगपुर की रहने वाली हैं अपने काम से लौट रही थीं। इसी दौरान बाइक पर सवार दो अपराधियों ने उनका पीछा किया और मौका पाकर उनके गले से करीब 9 ग्राम सोने की चेन और हीरे का लॉकेट छीनकर फरार हो गए।

चेन छीनकर फरार हुए अपराधी

बताया जा रहा है कि दोनों अपराधी हेलमेट पहने हुए थे, जिससे उनकी पहचान करना मुश्किल हो गया। घटना के बाद पीड़िता काफी सहम गईं। आसपास मौजूद लोगों ने शोर सुनकर आरोपियों को पकड़ने की कोशिश की, लेकिन वे तेज रफ्तार से भाग निकले। पीड़िता ने कदमकुआं थाना में अज्ञात अपराधियों के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराई है।

सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस 

पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालकर अपराधियों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। गौरतलब है कि हाल के दिनों में इसी इलाके में मोबाइल छिनतई की घटनाएं भी सामने आई हैं, जिससे स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

पटना से अनिल की रिपोर्ट