'बहिष्कृत नेता हैं राहुल गांधी': भाजपा नेता डॉ. दिलीप जायसवाल का हमला, राजद और वैश्विक मुद्दों पर भी रखी बेबाक राय

पटना में मीडिया से मुखातिब होते हुए डॉ. दिलीप जायसवाल ने राहुल गांधी की बयानबाजी, राजद के आरोपों और अंतरराष्ट्रीय राजनीति में भारत के बढ़ते कद पर भाजपा का पक्ष मजबूती से रखा।

'बहिष्कृत नेता हैं राहुल गांधी': भाजपा नेता डॉ. दिलीप जायसवा

Patna : भाजपा के कद्दावर नेता और बिहार सरकार के उद्योग मंत्री डॉ. दिलीप जायसवाल ने राहुल गांधी की राजनीतिक परिपक्वता पर सवाल उठाते हुए उन्हें 'बहिष्कृत नेता' करार दिया है। इसके साथ ही उन्होंने राजद के पुराने इतिहास और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के वैश्विक नेतृत्व पर भी महत्वपूर्ण टिप्पणी की।

राहुल गांधी पर तीखा प्रहार

डॉ. दिलीप जायसवाल ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी की राजनीति पर कड़ा प्रहार करते हुए कहा कि वे अभी तक राजनीतिक रूप से परिपक्व नहीं हुए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी अक्सर देश विरोधी ताकतों की भाषा बोलते हैं, जिसके चलते न केवल देश की जनता, बल्कि खुद कांग्रेस के नेता भी अब उनसे किनारा करने लगे हैं। उन्होंने राहुल गांधी को 'बहिष्कृत नेता' बताते हुए कहा कि उनकी बातों पर ध्यान देना अब समय की बर्बादी है।

राजद को याद दिलाई उनकी 'करतूतें'

राजद द्वारा भाजपा पर लगाए जा रहे आरोपों और अनंत सिंह के रोड शो से जुड़ी चर्चाओं पर डॉ. जायसवाल ने कहा कि राजद को दूसरों पर उंगली उठाने से पहले अपना पुराना रिकॉर्ड देखना चाहिए। उन्होंने कहा कि राजद ने जो 'काला करतूतें' की हैं, उनका हिसाब-किताब उन्हें अगले 100 साल तक देना होगा। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि राजद फिलहाल इस स्थिति में नहीं है कि वह किसी और पर सवाल उठाए।

विश्व पटल पर भारत का बढ़ता कद

मध्य पूर्व (मिडिल ईस्ट) में जारी संघर्ष और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की वैश्विक भूमिका पर गर्व जताते हुए डॉ. जायसवाल ने कहा कि आज पूरी दुनिया शांति के लिए भारत की ओर देख रही है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी 'ब्रिक्स' (BRICS) जैसे संगठनों में प्रमुख भूमिका निभा रहे हैं और दुनिया के बड़े नेता युद्ध रोकने के लिए उनसे हस्तक्षेप का आह्वान कर रहे हैं। उन्होंने दोहराया कि भारत निश्चित रूप से विश्व गुरु बनने की ओर अग्रसर है।

धार्मिक भावनाओं के अपमान पर कड़ा रुख

धार्मिक प्रतिमाओं को क्षति पहुँचाने जैसी घटनाओं पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि 140 करोड़ की आबादी वाले देश में कुछ 'सिरफिरे' लोग जाति और धर्म का उन्माद फैलाकर सामाजिक शांति भंग करना चाहते हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकार ऐसे असामाजिक तत्वों पर कड़ी नजर रखे हुए है और समाज के सौहार्दपूर्ण वातावरण को बिगाड़ने वालों के खिलाफ कठोरतम कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

चिराग पासवान के बयान पर प्रतिक्रिया

एनडीए में मुख्यमंत्री के चेहरे को लेकर चिराग पासवान द्वारा दिए गए बयानों पर डॉ. दिलीप जायसवाल ने कहा कि चिराग पासवान एनडीए के एक महत्वपूर्ण घटक दल के बड़े नेता हैं। उन्होंने कहा कि केंद्र स्तर पर विभिन्न मुद्दों पर चर्चा होती रहती है और चिराग पासवान ने जो भी कहा होगा, वह किसी न किसी ठोस आधार पर ही कहा होगा। हालांकि, उन्होंने इस मुद्दे पर कोई अंतिम टिप्पणी करने से परहेज किया।

Report - narrottam kumar