ठंडी कोल्ड ड्रिंक न मिलने पर ग्राहक ने दुकानदार और उसके दोस्त को मारा चाकू, स्थानीय लोगों ने पकड़ किया पुलिस के हवाले

ठंडी कोल्ड ड्रिंक न मिलने पर ग्राहक ने दुकानदार और उसके दोस्त को मारा चाकू- फोटो : अनिल कुमार

Patna : राजधानी पटना के श्रीकृष्णापुरी थाना क्षेत्र स्थित कस्तूरबा पथ नाला के पास शिव मंदिर के करीब एक दुकान पर एक बड़ी घटना हुई। एक ग्राहक दुकान पर कोल्ड ड्रिंक पीने आया था। दुकानदार द्वारा दी गई कोल्ड ड्रिंक ठंडी नहीं होने के कारण दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते बहस इतनी बढ़ गई कि गुस्से में आकर ग्राहक ने अपनी जेब से धारदार चाकू निकाला और सीधे दुकानदार पर हमला बोल दिया।


बचाव करने आए दोस्त पर भी किया वार, दोनों PMCH रेफर

हमले के दौरान दुकानदार नीतीश के पेट में चाकू लग गया, जिससे वह लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़ा। वहीं पास में खड़ा नीतीश का दोस्त निशांत जब उसे बचाने के लिए बीच-बचाव करने आया, तो आपा खो चुके आरोपी ग्राहक ने उस पर भी वार कर दिया। चाकू निशांत की पीठ में जा लगा। घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को तुरंत गार्डीनर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए PMCH (पटना मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल) रेफर कर दिया।


भाग रहे आरोपी को भीड़ ने दबोचा, पुलिस जांच में जुटी

दुकानदार और उसके दोस्त को लहूलुहान करने के बाद आरोपी ग्राहक मौके से भागने की कोशिश करने लगा। हालांकि, आसपास मौजूद स्थानीय लोगों ने सतर्कता दिखाते हुए उसे दौड़ाकर पकड़ लिया और उसकी जमकर धुनाई कर दी। घटना की सूचना मिलते ही श्रीकृष्णापुरी थाना की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और आरोपी को भीड़ से छुड़ाकर अपनी हिरासत में ले लिया। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और पूरे मामले की कानूनी जांच में जुट गई है।


अनिल की रिपोर्ट