बिहार में बाढ़ के खतरे को लेकर स्वास्थ्य विभाग अलर्ट : मंत्री निशांत ने कहा-आपात स्थिति से निपटने की है पूरी तैयारी
बिहार में बाढ़ के संभावित खतरे को देखते हुए राज्य सरकार अलर्ट मोड मे है। स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार ने कहा है कि बाढ़ की आशंका को देखते हुए विभाग हर आपात स्थिति से निपटने के लिए पूरी तैयारी कर रखी है......
Patna : नेपाल में आए भयंकर बाढ़ और बिहार के नदियों के जलस्तर मे लगातार हो रही वृद्धि के बाद राज्य के कई जिलों में बाढ़ का खतरा मंडराने लगा है। इधर बाढ़ की आशंका को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग पूरी तरह से अलर्ट मोड पर आ गया है। स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार ने मीडिया से बातचीत के दौरान बताया कि राज्य के प्रभावित इलाकों में स्वास्थ्य सेवाएं सुचारू रखने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए गए हैं।
60 प्रकार की आवश्यक दवाइयों की व्यवस्था
स्वास्थ्य मंत्री ने जानकारी दी कि बाढ़ प्रभावित इलाकों में किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए लगभग 60 प्रकार की आवश्यक दवाइयों की पर्याप्त व्यवस्था की गई है। इसके अलावा, बाढ़ के दौरान या बाद में फैलने वाली संभावित महामारी की रोकथाम और इलाज के लिए विशेष तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
गर्भवती महिलाओं, बच्चों और गंभीर मरीजों के लिए विशेष योजना
विभाग ने संवेदनशील वर्ग जैसे गर्भवती महिलाओं, छोटे बच्चों, दिव्यांगों और गंभीर बीमारियों से ग्रस्त मरीजों को प्राथमिकता के आधार पर चिह्नित किया है। बाढ़ की स्थिति में इन्हें तुरंत सुरक्षित स्थानों और अस्पतालों तक पहुंचाने के लिए स्थानों को पहले से चिह्नित कर लिया गया है।
चलंत चिकित्सा शिविर और डॉक्टरों की तैनाती
प्रभावित इलाकों में लोगों तक सीधी चिकित्सा सहायता पहुंचाने के लिए शिक्षकों, डॉक्टरों, नर्सों, एएनएम और पैरामेडिकल स्टाफ के विशेष टीमों का गठन किया गया है। इसके साथ ही जगह-जगह चलंत चिकित्सा शिविर (मोबाइल मेडिकल कैंप) भी आयोजित किए जा रहे हैं।
आम जनता को राहत पहुंचाने की प्रतिबद्धता
स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार ने आश्वस्त किया कि राज्य सरकार बाढ़ पीड़ितों की मदद और स्वास्थ्य सुरक्षा के लिए पूरी तरह तैयार है। बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में किसी भी स्तर पर स्वास्थ्य सेवाओं की कमी नहीं होने दी जाएगी।
देवांशु प्रभात की रिपोर्ट