Bihar News: नवादा में साइबर फ्रॉड का खुलासा, EMI के नाम पर चल रहा था बड़का खेल, शातिर धराया
Bihar News: बिहार के नवादा में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने साइबर फ्रॉड का खुलासा करते हुए शातिर बदमाश को गिरफ्तार किया है। शातिर अपराधी ईएमआई के नाम पर खेल कर रहे है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
Bihar News: बिहार के नवादा में पुलिस ने साइबर अपराध के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी ऑनलाइन ईएमआई भुगतान के नाम पर लोगों से साइबर ठगी करता था। पुलिस ने उसके पास से एक स्मार्ट मोबाइल फोन भी बरामद किया है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक अभिनव धामी के निर्देश पर की गई। आर्थिक अपराध इकाई से मिली रिपोर्ट और खुफिया जानकारी के आधार पर साइबर थाना और एसआईटी टीम ने संयुक्त रूप से छापेमारी कर आरोपी को गिरफ्तार किया।
ऐसे करता था साइबर फ्रॉड
गिरफ्तार युवक की पहचान कुंदन कुमार (24 वर्ष) के रूप में हुई है, जो नारदीगंज थाना क्षेत्र के बलवापर गांव का निवासी है। इस मामले में साइबर थाना में कांड संख्या 27/26 के तहत भारतीय न्याय सहिंता की संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस जांच में सामने आया है कि कुंदन कुमार साइबर अपराधियों को तथाकथित “स्टार्टअप अकाउंट” और वीडियो उपलब्ध कराता था। इसके बदले में उसे कमीशन मिलता था।
ऑनलाइन भुगतान के नाम पर ठगी
इन खातों का इस्तेमाल ऑनलाइन ईएमआई भुगतान के नाम पर लोगों को ठगने के लिए किया जाता था। साइबर ठग आम लोगों को फोन कर उनके बैंक खातों से जुड़ी जानकारी हासिल करते थे। इसके बाद ओटीपी प्राप्त कर खाते से पैसे निकाल लिए जाते थे। इस तरह कई लोगों को आर्थिक नुकसान पहुंचाया गया।
डेटा लीक को लेकर भी सवाल
साइबर अपराध के मामलों में अक्सर यह सवाल उठता रहा है कि अपराधियों के पास आम लोगों की बैंकिंग और निजी जानकारी कैसे पहुंचती है। कई मामलों में यह आशंका जताई जाती है कि किसी न किसी स्तर पर डेटा लीक होने के कारण साइबर ठग लोगों की पूरी बैंकिंग जानकारी तक पहुंच बना लेते हैं। फिलहाल पुलिस इस पूरे नेटवर्क की जांच कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि इस साइबर गिरोह में और कौन-कौन लोग शामिल हैं।
नवादा से अमन की रिपोर्ट