Bihar News: पटना में बड़े साइबर गिरोह का खुलासा, कॉल सेंटर के जरिए चल रहा था ठगी का खेल, 15 महिलाएं सहित 22 धराएं
Bihar News: बिहार में साइबर गिरोह का डेढ़ सालों से खेल चल रहा था। पुुलिस ने छापेमारी कर ठगी के खेल को उजागर कर दिया है। 15 महिलाएं सहित 22 लोगों को पुलिस ने पकड़ा है। पढ़िए आगे...
Bihar News: राजधानी पटना में साइबर ठगी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए पटना पुलिस और आर्थिक अपराध इकाई (EOU) की संयुक्त टीम ने कॉल सेंटर के जरिए ठगी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है। इस कार्रवाई में 15 महिलाओं समेत कुल 22 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। यह कार्रवाई 2 फरवरी 2026 को EOU, बिहार से मिली गुप्त सूचना के आधार पर की गई।
एक साथ कई ठिकानों पर छापेमारी
पुलिस टीम ने दानापुर थाना क्षेत्र के सगुना मोड़ और रूपसपुर थाना क्षेत्र के लखन कुटीर, वेद नगर एवं सौभाग्य शर्मा पथ स्थित अलग-अलग ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की। तीन स्थानों पर की गई इस सुनियोजित कार्रवाई में कॉल सेंटर के माध्यम से साइबर ठगी करने वाले पूरे नेटवर्क का खुलासा हुआ। छापेमारी के दौरान पुलिस ने 19 लैपटॉप, 1 डेस्कटॉप कंप्यूटर, 53 मोबाइल फोन, 12 एटीएम कार्ड समेत साइबर ठगी में इस्तेमाल किए जा रहे कई अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण और महत्वपूर्ण दस्तावेज बरामद किए हैं।
महिला आरोपी करती हैं भ्रमित
पटना साइबर थाना की प्रभारी डीएसपी संगीता कुमारी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि यह गिरोह विभिन्न साइबर कैफे से IRCTC, आधार सेंटर, बी2बी प्लेटफॉर्म समेत अन्य माध्यमों से आम नागरिकों का निजी डाटा अवैध रूप से हासिल करता था। इसके बाद महिला आरोपियों के जरिए आधार कार्ड सुधार, सरकारी और गैर-सरकारी सेवाओं के नाम पर लोगों को फोन कर भ्रमित किया जाता था और उनसे ठगी की जाती थी।
डेढ़ साल से था सक्रिय
जांच में यह भी सामने आया है कि गिरोह में शामिल महिलाओं से कॉल कराने का काम लिया जाता था, जिसके बदले उन्हें 8 से 10 हजार रुपये मासिक भुगतान किया जाता था। यह गिरोह बीते करीब डेढ़ साल से पटना में सक्रिय था और लगातार लोगों को निशाना बना रहा था। फिलहाल पुलिस इस गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों की पहचान और गिरफ्तारी में जुटी हुई है। अधिकारियों का कहना है कि जांच आगे बढ़ने के साथ साइबर ठगी के इस नेटवर्क से जुड़े और भी अहम खुलासे हो सकते हैं।
पटना से अनिल की रिपोर्ट