Bihar Crime: शादी से पहले तबाही का साया, हथियारबंद डकैतों का कहर, बेटी के अरमानों पर पड़ा डाका
Bihar Crime: एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जहां अपराधियों ने ऐसा खौफनाक खेल खेला कि एक परिवार की खुशियां मातम में तब्दील हो गईं।
Bihar Crime: एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जहां रात के सन्नाटे में अपराधियों ने ऐसा खौफनाक खेल खेला कि एक परिवार की खुशियां मातम में तब्दील हो गईं। रोहतास जिले के नटवार थाना क्षेत्र के रामपुर गांव में बीती रात करीब 9 की तादाद में आए हथियारबंद डकैतों ने कमलेश भगत के घर को निशाना बनाते हुए भीषण डकैती को अंजाम दिया।
सूत्रों के मुताबिक, नकाबपोश बदमाश पूरी प्लानिंग के साथ घर में दाखिल हुए और सबसे पहले परिवार के सभी सदस्यों को अपने कब्जे में ले लिया। हथियारों के साये में उन्होंने औरतों, बच्चों तक को नहीं बख्शा सबके हाथ-पैर बांध दिए गए, यहां तक कि मुंह में कपड़ा ठूंस दिया गया ताकि कोई आवाज बाहर न जा सके। यह मंजर किसी खौफनाक फिल्मी सीन से कम नहीं था, जहां बेबस परिवार अपनी आंखों के सामने लूट का तमाशा देखता रहा।
डकैतों ने बेरहमी से घर की तलाशी ली और करीब 30 हजार रुपये नकद, 400 ग्राम चांदी और सोने के कई कीमती जेवरात समेटकर फरार हो गए। सबसे दर्दनाक पहलू यह है कि यह वही गहने और जमा पूंजी थी, जो कमलेश भगत ने अपनी बेटी की शादी के लिए बड़ी मेहनत और उम्मीदों के साथ जुटाई थी। एक झटके में बेटी के सपनों का सारा सामान लुट गया।
पीड़ित परिवार की महिलाओं ने बताया कि डकैतों के हाथ में हथियार थे और उनकी आंखों में जरा भी रहम नहीं था। हर कोई दहशत में था, और कोई कुछ कर पाने की हालत में नहीं था। गांव से थोड़ा अलग-थलग बने इस घर को निशाना बनाना अपराधियों की साजिश का हिस्सा माना जा रहा है।
घटना की सूचना मिलते ही बिक्रमगंज के एसडीपीओ सिंधु शेखर सिंह अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और मामले की तफ्तीश शुरू कर दी। पुलिस का कहना है कि डकैतों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए सघन अभियान चलाया जा रहा है। इस वारदात ने इलाके में दहशत का माहौल पैदा कर दिया है। लोग खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं और सवाल उठ रहा है आखिर कब तक अपराधी इस तरह मासूमों के अरमानों पर डाका डालते रहेंगे?
रिपोर्ट- रंजन कुमार