मौसम विभाग का बड़ा अलर्ट! बंगाल की खाड़ी से आ रहा चक्रवात... तूफानी हवा और बारिश, जानिए क्या पड़ेगा बिहार पर असर

बंगाल की खाड़ी में बना सिस्टम अभी गहरे दबाव की श्रेणी में है। माना जा रहा है कि यह चक्रवात बन सकता है। अगर ऐसा होता है, तो इसका नाम अर्नब रखा जाएगा।

Cyclone Arnab - फोटो : news4nation

Cyclone : बंगाल की खाड़ी में एक गहरे दबाव का क्षेत्र बन गया है, जिसके बाद में चक्रवात में तब्दील होने की आशंका है। बंगाल की खाड़ी में बना सिस्टम अभी गहरे दबाव की श्रेणी में है। माना जा रहा है कि यह चक्रवात बन सकता है। अगर ऐसा होता है, तो इसका नाम अर्नब रखा जाएगा। बुधवार को IMD ने बताया है कि सिस्टम पश्चिम-उत्तर पश्चिम की ओर बढ़ सकता है। मौसम विभाग ने यह भी कहा कि 23 सितंबर को रात में विशाखापत्तनम और गोपालपुर के बीच उत्तरी आंध्र प्रदेश दक्षिण ओडिशा को पार कर सकता है।


ताजा गतिविधियों का असर आंध्र प्रदेश और ओडिशा पर नजर आने लगा है। दोनों ही राज्यों में भारी बारिश की संभावनाएं जताई जा रहीं हैं।रक्षा के मद्देनजर ओडिशा के कम से कम 7 जिलों में स्कूलों की छुट्टी कर दी गई है। वहीं, सरकारी अधिकारियों की छुट्टियां भी रद्द कर दी गईं हैं। दक्षिणी ओडिशा के कुछ हिस्सों के लिए 23 से 25 सितंबर तक रेड अलर्ट जारी किया गया है। 23 और 24 सितंबर को कोरापुट, गजपति और गंजाम में भारी से बहुत भारी बारिश होने तथा कुछ स्थानों पर अत्यधिक भारी बारिश की संभावना है। कालाहांडी, नबरंगपुर, कोरापुट और मलकानगिरी के लिए भी 24 और 25 सितंबर को 'रेड अलर्ट' जारी किया गया है।


आईएमडी ने कहा कि 23 सितंबर की सुबह से 24 सितंबर की शाम तक दक्षिणी ओडिशा और उत्तरी आंध्र प्रदेश के तटीय तथा आसपास के समुद्री क्षेत्रों में 55 से 65 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज झोंकेदार हवाएं चलने की संभावना है, जिनकी रफ्तार 75 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।


मौसम अनुमानों के मुताबिक यह चक्रवात अगर प्रभावी होता है तो मुख्य रूप से आंध्र प्रदेश और ओडिशा के इलाके में भी असर दिखेगा। हालांकि पश्चिम बंगाल और झारखंड के ओडिशा से लगे कुछ इलाके में भी तेज हवा और बारिश का असर दिख सकता है। वहीं बिहार में इसका कोई खास असर नहीं होने की संभावना है।