बंगाल की खाड़ी में उठा मुरासु तूफान, बिहार पर कितना बड़ा खतरा, 2 से 4 नवंबर के बीच यहाँ होगी मूसलाधार बारिश

मुरासु का सबसे ज्यादा असर आंध्र प्रदेश और ओडिशा में देखने को मिल सकता है। मुरासु के प्रभाव को लेकर बिहार में भारी बारिश या चक्रवाती तूफान जैसी स्थिति का क्या अलर्ट है जानिए पूरी खबर ...

Cyclone Murasu- फोटो : news4nation

Murasu :  बंगाल की खाड़ी में बना गहरा दबाव रविवार को चक्रवाती तूफान ‘मुरासु’ (Murasu) में बदल गया। भारत की ओर से दिए गए इस नाम का अर्थ ‘युद्ध का नगाड़ा’ है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के मुताबिक, मुरासु के 2 नवंबर तक और शक्तिशाली होकर गंभीर चक्रवाती तूफान बनने की आशंका है। इसके 3 नवंबर की सुबह आंध्र प्रदेश के तट पर नेल्लोर और नरसापुर के बीच दस्तक देने का अनुमान है। इस दौरान हवा की रफ्तार 100 से 110 किलोमीटर प्रति घंटे रह सकती है, जबकि झोंकों की गति 120 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने की आशंका है। 

 

इन राज्यों पर सबसे ज्यादा असर

मुरासु का सबसे ज्यादा असर आंध्र प्रदेश और ओडिशा में देखने को मिल सकता है। आंध्र प्रदेश के तटीय जिलों और रायलसीमा क्षेत्र में 2 और 3 नवंबर को भारी से अत्यंत भारी बारिश का पूर्वानुमान है। कृष्णा, गुंटूर, बापटला, प्रकाशम और नेल्लोर समेत कई जिलों के लिए रेड अलर्ट जारी किया गया है। ओडिशा के दक्षिणी हिस्सों में 2 नवंबर से बारिश शुरू होने की संभावना है। 3 और 4 नवंबर को बारिश की तीव्रता बढ़ सकती है। राज्य सरकार ने दक्षिणी क्षेत्र में हाई अलर्ट घोषित किया है। निचले और पहाड़ी इलाकों में रहने वाले लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने के निर्देश दिए गए हैं। 

 

इसके अलावा तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल, तेलंगाना, केरल और कर्नाटक के कुछ हिस्सों में भी बारिश की संभावना जताई गई है। समुद्र में ऊंची लहरों और खराब मौसम को देखते हुए मछुआरों को समुद्र में नहीं जाने की सलाह दी गई है। 

 

बिहार में मुरासु के दौरान कैसा रहेगा मौसम?

मुरासु के प्रभाव को लेकर बिहार में फिलहाल भारी बारिश या चक्रवाती तूफान जैसी स्थिति का अलर्ट नहीं है। हालांकि, राज्य के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश और बूंदाबांदी हो सकती है। मौसम विभाग के पटना शहर के पूर्वानुमान के अनुसार  2 नवंबर: आसमान में बादल छाए रहेंगे। हल्की बारिश या बूंदाबांदी हो सकती है। 3 नवंबर: आंशिक रूप से बादल छाए रहने का अनुमान है। बारिश को लेकर कोई चेतावनी नहीं है। 4 नवंबर: गरज के साथ बारिश की संभावना जताई गई है। पटना के लिए जारी पूर्वानुमान में 2 नवंबर को हल्की बारिश और 4 नवंबर को गरज के साथ बारिश की संभावना है। वहीं, बिहार के कुछ अन्य इलाकों में भी छिटपुट बारिश हो सकती है। 

 

क्या बिहार में मुरासु का सीधा असर होगा?

फिलहाल मौसम विभाग के उपलब्ध पूर्वानुमान में बिहार में मुरासु के सीधे प्रभाव से भारी बारिश की चेतावनी नहीं दी गई है। पटना में बारिश की संभावना जरूर है, लेकिन इसे सीधे मुरासु से जोड़ने की पुष्टि नहीं हुई है।