बागमती नदी का जलस्तर बढ़ने से पीपा पुल पर भारी वाहनों का परिचालन बंद, दर्जनों पंचायतों की बढ़ी मुश्किलें
मुजफ्फरपुर जिले में लगातार हो रही बारिश से बागमती का जलस्तर बढ़ गया है। नदी का जलस्तर बढ़ने के बाद एहतियातन कटरा- बकुची पीपा पुल पर भारी एवं बड़ी गाड़ियों का आवागमन पूरी तरह से रोक दिया गया है, जिससे कई पंचायतों की मुश्किलों बढ़ गई है....
Muzaffarpur : जिले से होकर गुजरने वाली बागमती नदी के जलस्तर में लगातार हो रही बारिश के कारण एक बार फिर अचानक तेजी से वृद्धि दर्ज की गई है। जलस्तर बढ़ने के बाद सुरक्षा के मद्देनजर कटरा प्रखंड को बकुची से जोड़ने वाले महत्वपूर्ण पीपा पुल पर भारी एवं बड़ी गाड़ियों का आवागमन पूरी तरह से रोक दिया गया है।
40 से 45 किलोमीटर की अतिरिक्त दूरी तय करने को विवश हुए ग्रामीण
पीपा पुल पर बड़े वाहनों के परिचालन पर रोक लगने से दर्जनों पंचायतों के स्थानीय लोगों की परेशानियां काफी बढ़ गई हैं। अब लोगों को कटरा प्रखंड मुख्यालय और जिला शहर तक पहुंचने के लिए लगभग 40 से 45 किलोमीटर की लंबी अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ रही है। यदि नदी के जलस्तर में और बढ़ोतरी होती है, तो इन इलाकों का संपर्क प्रखंड मुख्यालय से पूरी तरह कट सकता है।
जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में, स्थिति पर रखी जा रही है कड़ी नजर
बागमती नदी के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए जिला प्रशासन पूरी तरह से सतर्क और अलर्ट मोड पर है। जलस्तर पर लगातार पैनी नजर रखी जा रही है। प्रशासनिक अधिकारियों का कहना है कि यह बढ़ोतरी लगातार हो रही बारिश की वजह से हुई है और जल्द ही जलस्तर में गिरावट आने की संभावना है।
हालांकि राहत की बात यह है कि फिलहाल बागमती नदी का जलस्तर खतरे के निशान से नीचे बना हुआ है।
मनीभूषण की रिपोर्ट