Bihar News: बिहार में चौथे दिन भी सिलेंडर क्राइसिस जैसा माहौल, एजेंसियों के बाहर लंबी कतार, प्रशासन का सख्त आदेश

Bihar News: शिवहर की जिलाधिकारी प्रतिभा रानी ने स्पष्ट किया है कि जिले में एलपीजी गैस की आपूर्ति पूरी तरह सामान्य है और पर्याप्त स्टॉक मौजूद है। उन्होंने लोगों से गैस को लेकर घबराने या अफवाह फैलाने से बचने की अपील की।

सिलेंडर क्राइसिस जैसा माहौल - फोटो : reporter

Bihar News: बिहार के कई जिलों में एलपीजी गैस को लेकर अफवाहों और आशंकाओं के बीच चौथे दिन भी गैस एजेंसियों के बाहर लंबी कतारें देखने को मिल रही हैं। हालांकि प्रशासन का कहना है कि राज्य में गैस की कोई कमी नहीं है, लेकिन जमीन पर लोगों की भीड़ और परेशानी अलग तस्वीर दिखा रही है। बिहार के कई जिलों में सुबह से ही सिलेंडर के लिए लोग लाइन में खड़े हो जा रहे हैं। दूसरी तरफ प्रशासन का कहना है कि पर्याप्त मात्रा में गैस उपलब्ध है इसलिए कोई परेशान ना हो। 

पर्याप्त गैस उपलब्ध

शिवहर की जिलाधिकारी प्रतिभा रानी ने स्पष्ट किया है कि जिले में एलपीजी गैस की आपूर्ति पूरी तरह सामान्य है और पर्याप्त स्टॉक मौजूद है। उन्होंने लोगों से गैस को लेकर घबराने या अफवाह फैलाने से बचने की अपील की। डीएम ने बताया कि जिले में एचपी, इंडेन और भारत गैस की कुल 18 एजेंसियां संचालित हैं और करीब एक लाख उपभोक्ताओं को नियमित रूप से गैस की आपूर्ति की जा रही है। जनवरी में 71 हजार से अधिक और फरवरी में करीब 70 हजार उपभोक्ताओं को सिलेंडर दिया गया। उन्होंने उपभोक्ताओं से कहा कि पहले गैस बुकिंग कराएं और ओटीपी आने के बाद ही एजेंसी से सिलेंडर लें। कई बार सर्वर या तकनीकी कारणों से ओटीपी आने में देरी हो जाती है, लेकिन एक-दो दिन में मिल जाता है।

औरंगाबाद में सुबह 4 बजे से लाइन

वहीं औरंगाबाद में हालात अलग नजर आ रहे हैं। यहां गैस एजेंसियों के बाहर लोग सुबह चार बजे से ही लाइन में लग रहे हैं। लोगों का कहना है कि घंटों इंतजार के बाद भी सिलेंडर नहीं मिल पा रहा है। कुछ उपभोक्ताओं का कहना है कि सरकार भले ही गैस की कमी से इनकार कर रही हो, लेकिन हकीकत में उन्हें काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। वहीं एजेंसी कर्मियों का कहना है कि वे पूरी कोशिश कर रहे हैं, लेकिन आपूर्ति में कमी की वजह से दिक्कत हो रही है।

सासाराम में भी एजेंसी खुलने से पहले कतार

सासाराम में भी गैस एजेंसियों के बाहर सुबह से ही सैकड़ों लोग सिलेंडर लेकर लाइन में खड़े दिखे। कई लोग सुबह 5 बजे से ही अपनी बारी का इंतजार कर रहे हैं। लोगों का कहना है कि रमजान का महीना चल रहा है, ऐसे में घर में गैस खत्म होने से परेशानी बढ़ गई है। हालांकि एजेंसियों पर रोज ट्रकों से सिलेंडर पहुंच रहे हैं, लेकिन अफवाहों के कारण लोग पहले से ही सिलेंडर भरवाकर रखना चाहते हैं।

कोयला और लकड़ी के दाम बढ़े

गैस को लेकर बनी अनिश्चितता के कारण कई जगहों पर लोग वैकल्पिक ईंधन की ओर भी जा रहे हैं। इससे कोयला और लकड़ी के दाम में भी बढ़ोतरी देखी जा रही है। प्रशासन का कहना है कि अंतरराष्ट्रीय हालात को लेकर फैली अफवाहों के कारण लोग घबराकर ज्यादा संख्या में सिलेंडर लेने पहुंच रहे हैं। अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और जरूरत के अनुसार ही गैस बुक करें।