बाबा चौहरमल मंदिर चाराडीह के विकास के लिए दलित नेता अमर आजाद पासवान ने विधायक अनंत सिंह से की मुलाकात, ओवरब्रिज निर्माण का मिला आश्वासन
वीर शिरोमणि बाबा चौहरमल चाराडीह मंदिर परिसर के समग्र विकास और पहुंच पथ की समस्या को लेकर दलित नेता अमर पासवान ने मोकामा विधायक अनंत सिंह से मुलाकात की। इस दौरान अनंत सिंह ने उन्हें अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया और समस्या के निदान का आश्वासन दिया....
Patna : पटना जिले के मोकामा विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत ऐतिहासिक वीर शिरोमणि बाबा चौहरमल चाराडीह मंदिर परिसर (घोसवरी, मोकामा) के समग्र विकास और पहुंच पथ की समस्या को लेकर राजनीतिक व सामाजिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। इसी सिलसिले में प्रमुख दलित नेता अमर आजाद पासवान ने मोकामा विधायक अनंत सिंह से शिष्टाचार मुलाकात की। इस दौरान विधायक अनंत सिंह ने अंग वस्त्र और गमछा भेंट कर दलित नेता अमर आजाद पासवान का सम्मान किया।
बाढ़ के पानी में डूबा चौहरमल मंदिर परिसर, सड़क निर्माण भी साबित हो रहा नाकाफी
मुलाकात के दौरान अमर आजाद पासवान ने विधायक का ध्यान टाल क्षेत्र स्थित बाबा चौहरमल मंदिर की विकराल स्थिति की ओर आकृष्ट कराया। उन्होंने बताया कि पूरा मंदिर परिसर फिलहाल बाढ़ के पानी से जलमग्न है। उन्होंने चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि केवल सामान्य सड़क बना देने से समस्या का स्थायी समाधान संभव नहीं है, क्योंकि हर साल मानसून के मौसम में बाढ़ का पानी आते ही सड़क पूरी तरह डूब जाती है और आवागमन पूरी तरह ठप हो जाता है।
मंदिर परिसर तक बिना ओवरब्रिज पहुंचना असंभव: अमर आजाद पासवान
अमर आजाद पासवान ने विधायक अनंत सिंह को स्थिति की गंभीरता समझाते हुए कहा कि टाल क्षेत्र की विशेष भौगोलिक बनावट के कारण चौहरमल मंदिर क्षेत्र में जब तक पक्के ओवरब्रिज (ऊंचे पहुंच पथ) का निर्माण नहीं कराया जाता, तब तक श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों का मंदिर तक पहुंचना बेहद मुश्किल रहेगा। उन्होंने चाराडीह मंदिर परिसर तक निर्बाध पहुंच के लिए अतिशीघ्र एक मजबूत ओवरब्रिज बनवाने का औपचारिक अनुरोध किया।
मोकामा विधायक अनंत सिंह ने ओवरब्रिज निर्माण का दिया ठोस आश्वासन
क्षेत्रीय समस्याओं और चौहरमल मंदिर के धार्मिक व सांस्कृतिक महत्व को ध्यान में रखते हुए मोकामा विधायक अनंत सिंह ने सकारात्मक रुख अपनाया। उन्होंने अमर आजाद पासवान और स्थानीय प्रतिनिधिमंडल को भरोसा दिलाया कि बाबा चौहरमल मंदिर चाराडीह तक ओवरब्रिज सह पहुंच पथ का निर्माण कराने के लिए वे शासन-प्रशासन के स्तर पर त्वरित पहल करेंगे और योजना को स्वीकृत कराने का काम करेंगे।
स्थानीय श्रद्धालुओं और ग्रामीणों में जगी स्थायी समाधान की उम्मीद
प्रतिवर्ष बाढ़ की विभीषिका झेलने वाले चाराडीह और आसपास के ग्रामीणों तथा बाबा चौहरमल के लाखों श्रद्धालुओं ने इस पहल का स्वागत किया है। लोगों का कहना है कि ओवरब्रिज बन जाने से न केवल बाढ़ के दिनों में मंदिर तक पहुंचने का मार्ग सुगम होगा, बल्कि इस ऐतिहासिक धार्मिक स्थल का पर्यटन और बुनियादी ढांचे के दृष्टिकोण से भी समुचित विकास हो सकेगा।
देवांशु प्रभात की रिपोर्ट