पॉश अपार्टमेंट में हवाला और साइबर ठगी का अड्डा, बंधक बनाकर जमीन लिखवाने की कोशिश नाकाम, 8 दबोचे गए

एक अपार्टमेंट में पुलिस ने छापेमारी कर हवाला, साइबर फ्रॉड और शराब के अवैध कारोबार का भंडाफोड़ किया है । नगर पुलिस अधीक्षक (पश्चिमी) के निर्देशन में हुई इस कार्रवाई में पुलिस ने एक व्यक्ति को बंधक मुक्त कराया और गिरोह के 8 सदस्यों को गिरफ्तार किया है

Patna - पटना के दानापुर में पुलिस ने हवाला, साइबर फ्रॉड और शराब के अवैध कारोबार का भंडाफोड़ करते हुए एक बड़े गिरोह का पर्दाफाश किया है । नगर पुलिस अधीक्षक (पश्चिमी) कार्यालय द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, पुलिस ने गोला रोड स्थित एसएस अपार्टमेंट में छापेमारी कर आठ अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है । यह कार्रवाई उस समय की गई जब पुलिस को अपार्टमेंट के एक फ्लैट में व्यक्ति को बंधक बनाकर रखने की गुप्त सूचना प्राप्त हुई थी ।

अपार्टमेंट में बंधक का रेस्क्यू और खुलासा 

दानापुर थानाध्यक्ष के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अपार्टमेंट के फ्लैट संख्या 305 में छापेमारी की । वहां से पुलिस ने बंधक बनाए गए शिलानाथ गुप्ता को सुरक्षित मुक्त कराया । पूछताछ के दौरान अभियुक्तों ने स्वीकार किया कि वे हवाला और शराब का कारोबार करते हैं । उन्होंने बताया कि शिलानाथ गुप्ता द्वारा पैसे के लेन-देन और साइबर फ्रॉड किए जाने के कारण उसे बंधक बनाया गया था और उस पर जमीन एग्रीमेंट करवाने के लिए दबाव डाला जा रहा था ।

हवाला और साइबर फ्रॉड का जाल 

पुलिस की गहन पूछताछ में यह सामने आया कि अनिश कुमार, राहुल कुमार और शिलानाथ गुप्ता मिलकर हवाला का कारोबार संचालित कर रहे थे । यह गिरोह स्थानीय व्यापारियों को 30 प्रतिशत लाभ का लालच देकर हवाला में पैसा लगाने के लिए उकसाता था । इसी प्रक्रिया के दौरान ये शातिर अपराधी व्यापारियों को साइबर फ्रॉड का शिकार भी बनाते थे, जिसके संबंध में साइबर थाने में अलग से मामला दर्ज किया गया है ।

शराब और भारी नकद की बरामदगी 

फ्लैट की विधिवत तलाशी के दौरान पुलिस ने अपराध में प्रयुक्त कई सामग्रियां बरामद की हैं । मौके से 19.875 लीटर विदेशी शराब, 4,16,500/- रुपये नकद और 08 मोबाइल फोन जब्त किए गए हैं । इस मामले में पुलिस ने शराब बंदी कानून और भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं के तहत दानापुर थाने में दो अलग-अलग कांड दर्ज किए हैं ।

गिरफ्तार अभियुक्तों का विवरण 

गिरफ्तार किए गए अभियुक्तों में अनिश कुमार (बक्सर), विशल कुमार (दीघा), राहुल कुमार (गर्दनीबाग), रोहित कुमार (दानापुर), शिलानाथ गुप्ता (दानापुर), किशन (दीघा), आदर्श कुमार (दानापुर) और रौकी कुमार (दानापुर) शामिल हैं । पुलिस अब इस गिरोह के अन्य संभावित संपर्कों और हवाला कारोबार के नेटवर्क को खंगालने में जुटी है ।

अनिल कुमार की रिपोर्ट