Bihar News : 'बिहार की पाठशाला' के लोकार्पण पर कौशलेन्द्र प्रियदर्शी ने साझा कीं पुरानी यादें, कहा—शिक्षा के बदलते दौर में कम हुई आत्मीयता
Bihar News : रमाकांत पाठक की पुस्तक ‘बिहार की पाठशाला: गुरुकुल से डिजिटल स्कूल तक का सफर’ का लोकार्पण बिहार विधान परिषद एनेक्सी भवन में किया गया। जिसमें कौशलेंद्र प्रियदर्शी ने अपने विचार व्यक्त किये.....
PATNA : बिहार विधान परिषद् के सभागार में आयोजित पुस्तक विमोचन समारोह में 'बिहार की पाठशाला' पुस्तक के लोकार्पण के अवसर पर न्यूज4नेशन के प्रधान संपादक कौशलेन्द्र प्रियदर्शी ने शिक्षा व्यवस्था के बदलते स्वरूप और अपने बचपन के अनुभवों को साझा किया। उन्होंने कहा कि उन्होंने भी उस दौर की पढ़ाई को करीब से देखा है और उनकी माताजी स्वयं सत्तर के दशक में प्रधानाध्यापिका थीं। प्रियदर्शी ने अपने स्कूल के दिनों को याद करते हुए बताया कि उस समय व्यावहारिक तौर पर कई चीजें होती थीं, जैसे काम बनाकर ले जाना या बढ़नी ले जाना और परीक्षाओं का वह स्वरूप नहीं था। उन्होंने कहा कि हमारी और मंचासीन अतिथियों की पीढ़ी ने शिक्षा के क्षेत्र में होते हुए बड़े बदलावों को अपनी आंखों से देखा है।
संबोधन के दौरान उन्होंने शिक्षा के माध्यमों और संबोधनों में आए बदलावों का रोचक जिक्र करते हुए कहा कि समय के साथ कुटिया से कक्षा और कक्षा से क्लास तक का सफर तय हुआ। इसी तरह ताम्र पत्र से किताब और ब्लैकबोर्ड से स्मार्ट बोर्ड तक बदलाव आए, जबकि शिक्षकों के लिए 'मास्टर साहब' से 'मास्टर जी' और फिर 'सर' तक का सफर रहा, लेकिन गुरुकुल से डिजिटल होती शिक्षा व्यवस्था की प्रक्रिया में कहीं न कहीं आत्मीयता और इंसानियत कम होती गई।
पुस्तक की विषयवस्तु पर प्रकाश डालते हुए कौशलेन्द्र प्रियदर्शी ने कहा कि करीब 60 पृष्ठों, जिसमें लगभग 17 पृष्ठ परिशिष्ट आदि के अलग हैं, में लेखक रमाकांत पाठक ने स्वतंत्रता के बाद शिक्षा में आए बदलावों का अद्भुत पाठ संजोया है। उन्होंने कहा कि यह विषय आम लोगों के जानने योग्य है और इसमें हंटर कमीशन से लेकर अन्य महत्वपूर्ण बिंदुओं का जिक्र किया गया है।
अंत में उन्होंने इस संग्रहणीय और पठनीय पुस्तक के लिए रमाकांत पाठक को बधाई दी तथा उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं व्यक्त कीं। इस अवसर पर वरिष्ठ IPS अधिकारी विकास वैभव, डॉ. हिरण्य हिमकर, सहायक प्राध्यापक, दिल्ली विश्वविद्यालय, शमा परवीन, अंतरराष्ट्रीय कबड्डी खिलाड़ी, डॉ. जयेन्द्र दोस्त, व्याख्याता, SCERT, शिक्षा विभाग, बिहार सरकार तथा गणेश कुमार, जदयू नेता सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति एवं शिक्षाविद उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन शिक्षा, शिक्षक और समाज के बीच मजबूत संबंध स्थापित करने तथा बिहार को ज्ञान और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के क्षेत्र में नई पहचान दिलाने के संकल्प के साथ हुआ।