Bihar Politics: 'कफन बांधकर चलते हैं विजय सिन्हा', डिप्टी सीएम का भूमाफियाओं को सख्त चेतावनी, सीएम नीतीश के सामने कह दी बड़ी बात
Bihar Politics: डिप्टी सीएम विजय सिन्हा ने सीएम नीतीश के सामने भूमाफियाओं और दलालों को सख्त चेतावनी दी है। उन्होंने कहा कि वो कफन बांध कर चलते हैं और वो किसी भी सूरत में लापरवाही बर्दाश्त नहीं करेंगे।
Bihar Politics: देशभर में आज शहादत दिवस मनाया जा रहा है। इसी कड़ी में पटना के एनआईटी घाट पर शुक्रवार को भी राजकीय समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान, उपमुख्यमंत्री विजय सिन्हा समेत बिहार सरकार के कई मंत्री और वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। इस दौरान महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि अर्पित की गई और उपस्थित सभी लोगों ने दो मिनट का मौन रखकर बापू को नमन किया।
एक्शन में डिप्टी सीएम
कार्यक्रम समाप्त होने के बाद मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की मौजूदगी में उपमुख्यमंत्री सह राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग के मंत्री विजय सिन्हा ने जमीन विवाद, भूमाफिया और दलालों के खिलाफ कड़ा रुख अपनाते हुए बड़ा बयान दिया। उन्होंने भूमाफियाओं को सख्त चेतावनी भी दी। साथ ही कहा कि वो किसी से डरते नहीं है। विजय सिन्हा ने साफ किया कि राजस्व विभाग के द्वारा जो भी फैसला लिया जा रहा है वो जनता के हित के लिए लिया जा रहा है।
कफन बांधकर चलते हैं
विजय सिन्हा ने कहा कि राजनीति में वह अटल बिहारी वाजपेयी के उस विचार को मानते हैं कि “जो कफन बांधकर निकलता है, उसे कोई पराजित नहीं कर सकता।” उन्होंने कहा कि, हम कफन बांधकर चलते हैं, हमें किसी का डर नहीं है। हमने अपना पहला चुनाव ही अपराधियों और माफियाओं के खिलाफ लड़ा था। उन्होंने आगे कहा कि भूमि से जुड़ी समस्याओं के समाधान के लिए सरकार की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि चाहे अधिकारी हों, बिचौलिये हों या दलाल जो भी गलत काम में शामिल होंगे उन्हें किसी भी हालत में बख्शा नहीं जाएगा।
दलालों को बख्शा नहीं जाएगा
विजय सिन्हा ने कहा कि, गरीबों को इंसाफ दिलाना उनका कर्तव्य है और जो जिम्मेदारी उन्हें मिली है, उसे पूरी ईमानदारी से निभाते रहेंगे। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विश्वास पर खरा उतरना ही उनका लक्ष्य है। जनता के हित में जो सही होगा, उसे कानून और नियम के तहत किया जाएगा और किसी भी दबाव में पीछे नहीं हटेंगे। उपमुख्यमंत्री ने दलालों और भूमाफियाओं को चेतावनी देते हुए कहा कि अब होशियार हो जाएं।
भूमाफियाओं को सख्त चेतावनी
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि जो लोग बिहार में बदलाव चाहते हैं, गरीबों के आंसू पोंछना चाहते हैं और महिलाओं व बच्चों के दर्द को समझते हैं, वे भूमि सुधार और जनसंवाद जैसे कदमों का विरोध नहीं करेंगे। उन्होंने कहा कि इन प्रयासों का विरोध वही लोग करेंगे, जो प्रत्यक्ष या परोक्ष रूप से दलालों और भूमाफियाओं के साथ खड़े हैं। सीओ (अंचल अधिकारी) से जुड़े मामलों पर विजय सिन्हा ने कहा कि यदि किसी के खिलाफ प्रमाण मिलते हैं-चाहे ऑडियो, दस्तावेज या चैटिंग तो पहले पूरी जांच की जाएगी। जांच के बाद जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी। उन्होंने यह भी कहा कि कुछ लोग बिना अनुमति सरकारी कार्य में हस्तक्षेप कर सीओ के पक्ष में बोलने आए थे, जिन्हें चेतावनी दी गई है। सरकारी काम में बाधा डालने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
‘तुष्टिकरण नहीं, संतुष्टिकरण जरूरी’
वहीं उपमुख्यमंत्री ने अपने बयान में कहा कि “मां भारती की संतानों के लिए तुष्टिकरण नहीं, बल्कि संतुष्टिकरण आवश्यक है।” उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार महात्मा गांधी के संदेशों को अपने जीवन में उतार रहे हैं और 21वीं सदी में जाति-विहीन समाज के निर्माण के संकल्प के साथ ‘सबका साथ, सबका विकास और न्याय के साथ विकास’ के रास्ते पर आगे बढ़ रहे हैं। उन्होंने आज़ादी की लड़ाई में योगदान देने वाले सभी महापुरुषों को नमन किया।
पटना से रंजन की रिपोर्ट