पटना जिले में सबसे अधिक और सबसे कम खर्च करने का तेजस्वी के उम्मीदवारों ने बनाया रिकॉर्ड, चुनाव आयोग को दिया व्यय का ब्यौरा

Patna - बिहार विधानसभा चुनाव के पहले चरण की वोटिंग में 24 घंटे से भी कम समय बाकी  है। बीते मंगलवार को चुनाव प्रचार  थमने के बाद   जिल के सभी सीटों के प्रत्याशियों ने चुनाव प्रचार में खर्च किए गए पैसों का ब्योरा जिला प्रशासन को सौंप दिया है। चुनाव प्रचार में जहां कुछ प्रत्याशियों ने दिल खोलकर पैसा  खर्च किया, वहीं  कुछ प्रत्याशियों  ने खर्च करने   में कंजूसी दिखाई

आंकड़ों के अनुसार खर्च करने के मामले में तेजस्वी यादव के राजद के प्रत्याशी पहले और अंतिम स्थान पर रहे। जहां फतुहा से राजद प्रत्याशी डा. रामानंद यादव ने सबसे अधिक 17.56 लाख रुपए खर्च किए हैं। वहीं सबसे कम खर्च करनेवालों में मनेर से  राजद कैंडिडेट भाई वीरेंद्र रहे। उन्होंने चुनाव में सिर्फ 3.49 लाख रुपए ही खर्च किए हैं। जबकि खर्च की सीमा  40 लाख रुपए की तय गई है।

पटना जिले के सभी प्रत्याशियों ने मंगलवार तक अपना खर्च विवरण व्यय कोषांग में प्रस्तुत कर दिया है। आज अंतिम आंकड़े जिला प्रशासन की ओर से आधिकारिक वेबसाइट पर जारी किए जाएंगे।

किस प्रत्याशी ने कितना खर्च किया

फतुहा से राजद प्रत्याशी डा. रामानंद यादव ने सबसे अधिक 17.56 लाख रुपए खर्च किए।

दानापुर से भाजपा प्रत्याशी रामकृपाल यादव का चुनावी खर्च 13.26 लाख रुपए दर्ज।

मोकामा से जदयू के अनंत सिंह ने 10.84 लाख रुपए खर्च किए हैं।

बाढ़ से राजद के कर्णवीर सिंह यादव का खर्च 12.71 लाख रुपए।

बख्तियारपुर से लोजपा (आर) के अरुण कुमार का खर्च 4.12 लाख रुपए तक हुआ।

दीघा विधानसभा में जन सुराज के रीतेश रंजन सिंह (बिट्टू) ने 14.36 लाख रुपए, जबकि भाजपा के डॉ. संजीव चौरसिया ने 9.11 लाख रुपए खर्च का ब्योरा दिया है।

बांकीपुर से भाजपा के नितिन नवीन ने 8.06 लाख खर्च किए।

मनेर में राजद प्रत्याशी ने भाई वीरेंद्र ने 3.49 लाख रुपए खर्च किए

कुम्हरार से कांग्रेस के इंद्रदीप चंद्रवंशी ने 8.08 लाख रुपए लगाए।

पटना साहिब से कांग्रेस के शशांत शेखर ने 9.05 लाख रुपए खर्च किए हैं।

मसौढ़ी से राजद की रेखा देवी का खर्च 13.68 लाख रुपए रहा।

बिक्रम से भाजपा के सिद्धार्थ सौरभ ने 5.89 लाख रुपए खर्च किए हैं।

पालीगंज से लोजपा (आर) के सुनील कुमार ने 7.06 लाख रुपए। भाकपा माले के संदीप सौरभ ने 4.42 लाख रुपए का ब्योरा दिया।

फुलवारी से जदयू के श्याम रजक ने 7.91 लाख रुपए खर्च की जानकारी दी है।

 पोर्टल पर भी अपलोड करेंगे खर्च का ब्योरा

पटना समाहरणालय के व्यय कोषांग में मंगलवार को पूरे दिन प्रत्याशियों के एजेंट और प्रतिनिधि अपने-अपने अभ्यर्थियों का खर्च हिसाब जमा कराते रहे। अधिकारी और कर्मचारी इन ब्योरे की जांच-पड़ताल और गणना में जुटे रहे। सभी उम्मीदवारों को अपने खर्च का ब्योरा ऑनलाइन पोर्टल पर भी अपलोड करना अनिवार्य किया गया है।

प्रत्याशियों के खर्च की हो रही थी निगरानी

चुनावी अवधि में जिला प्रशासन की ओर से व्यय पर्यवेक्षकों और निगरानी टीम के माध्यम से लगातार प्रत्याशियों के खर्च पर नजर रखी गई। फ्लाइंग स्क्वॉड, वीडियो सर्विलांस टीम और एक्सपेंडिचर मॉनिटरिंग टीम की रिपोर्ट के आधार पर ये आंकड़े तय किए जा रहे हैं।