Bharat Tiwari Encounter : भरत तिवारी एनकाउंटर पर बोले धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री, कहा सरेंडर के बाद गोली चलाना गंभीर, मुख्यमंत्री से की संज्ञान लेने की अपील

प्रसिद्ध कथावाचक धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने भरत तिवारी एनकाउंटर मामले को लेकर अपनी प्रतिक्रिया दी है। धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि उसे न्यायपालिका के माध्यम से ही उचित सजा मिलनी चाहिए थी....पढ़िए आगे

धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने दी प्रतिक्रिया - फोटो : SOCIAL MEDIA

N4N DESK : प्रसिद्ध कथावाचक और बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने बिहार के चर्चित भरत तिवारी एनकाउंटर मामले को लेकर अपनी पहली बड़ी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने बताया कि वे पिछले कुछ समय से विदेश दौरे पर थे, और भारत लौटने के बाद ही उन्हें भरत तिवारी के साथ घटित इस पूरे घटनाक्रम की विस्तृत जानकारी मिली। धीरेंद्र शास्त्री के इस बयान के बाद यह मामला एक बार फिर से सियासी और सामाजिक गलियारों में चर्चा का केंद्र बन गया है।

अपराधी था तो न्यायपालिका देती सजा: बागेश्वर सरकार

एनकाउंटर की प्रक्रिया पर सवाल उठाते हुए धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि यदि भरत तिवारी अपराधी भी था, तो देश में कानून व्यवस्था है और उसे न्यायपालिका के माध्यम से ही उचित सजा मिलनी चाहिए थी। कानून को हाथ में लेना किसी भी तरह से सही नहीं ठहराया जा सकता। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में अदालतों की भूमिका सर्वोपरि है।

सरेंडर के बाद गोली चलाना बेहद गंभीर विषय, हो निष्पक्ष जांच

कथावाचक धीरेंद्र शास्त्री ने घटना की परिस्थितियों पर चिंता जताते हुए कहा कि यदि किसी व्यक्ति ने पुलिस के सामने अपने हथियार सरेंडर कर दिए हों, तो उसके बाद भी उस पर गोली चलाना एक बेहद गंभीर और संवेदनशील विषय है। उन्होंने मांग की कि इस पूरे एनकाउंटर प्रकरण की सच्चाई सामने लाने के लिए एक उच्च स्तरीय और निष्पक्ष जांच कराई जानी चाहिए ताकि दूध का दूध और पानी का पानी हो सके।

मुख्यमंत्री पूरे प्रकरण की समीक्षा कर लें संज्ञान

उन्होंने बिहार सरकार और सूबे के मुख्यमंत्री से इस संवेदनशील मामले पर तुरंत स्वतः संज्ञान लेने की अपील की है। धीरेंद्र शास्त्री ने कहा कि मुख्यमंत्री को खुद इस पूरे पुलिसिया घटनाक्रम की उच्च स्तरीय समीक्षा करनी चाहिए और जो भी दोषी पाए जाएं, उन पर उचित व सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करनी चाहिए ताकि जनता का न्याय प्रणाली पर भरोसा बना रहे।

परिजनों को दिया आशीर्वाद, जल्द करेंगे मुलाकात

बयान के अंत में धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने मृतक भरत तिवारी के शोकाकुल परिजनों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त की। उन्होंने कहा कि इस दुख की घड़ी में वे पीड़ित परिवार के साथ हैं और उन्हें अपना विशेष आशीर्वाद देते हैं। उन्होंने यह भी घोषणा की कि वे जल्द ही बिहार आकर पीड़ित परिवार के सदस्यों से व्यक्तिगत रूप से मुलाकात भी करेंगे।

वंदना की रिपोर्ट