Bihar News : तेजप्रताप यादव का बड़ा फैसला, JJD से मोतीलाल यादव के करीबियों की होगी छुट्टी, पुराने सहयोगी मिसाल सिन्हा को सौंपी बड़ी जिम्मेवारी

Bihar News : तेजप्रताप यादव अब अपनी पार्टी जनशक्ति जनता दल में बड़ा बदलाव करने में वाले हैं। इसी कड़ी में उन्होंने मिसाल सिन्हा को बड़ी जिम्मेवारी दी है.....पढ़िए आगे

Bihar News : तेजप्रताप यादव का बड़ा फैसला, JJD से मोतीलाल या
मिसाल सिन्हा को बड़ी जिम्मेवारी - फोटो : SOCIAL MEDIA

PATNA : बिहार विधानसभा चुनाव के बाद राष्ट्रीय जनता दल सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव के बड़े बेटे तेजप्रताप यादव अपनी नवगठित पार्टी 'जनशक्ति जनता दल' को मजबूत करने और इसका विस्तार करने में पूरी ताकत से जुटे हैं। इसी बीच, राजनीतिक गलियारों से एक बड़ी खबर सामने आ रही है कि उनके सबसे भरोसेमंद साथी और सहायक ने उन्हें धोखा दे दिया है। इस बड़े झटके के बाद तेजप्रताप यादव ने अपनी पार्टी के सांगठनिक ढांचे में एक बहुत बड़ा और कड़ा फेरबदल करने का मन बना लिया है।

मोतीलाल यादव के करीबियों की होगी छुट्टी, युवाओं को तरजीह

पार्टी सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, तेजप्रताप यादव का मुख्य फोकस अब जनशक्ति जनता दल से मोतीलाल यादव के करीबियों और उनके वफादारों को बाहर का रास्ता दिखाना है। वे पार्टी में पुराने चेहरों की जगह युवाओं की एक नई, सक्रिय और बेहद ऊर्जावान टीम तैयार करना चाहते हैं। इस बड़े बदलाव के पीछे मुख्य वजह संगठन को आंतरिक गुटबाजी से बचाना और जमीनी स्तर पर युवाओं को जोड़कर पार्टी को एक नई धार देना माना जा रहा है।

पुराने निजी सचिव मिसाल सिन्हा की हुई धमाकेदार वापसी

इस रणनीति को अमलीजामा पहनाने के लिए तेजप्रताप यादव ने एक बड़ा और चौंकाने वाला फैसला लिया है। उन्होंने अपने पूर्व निजी सचिव (Private Secretary) रहे मिसाल सिन्हा को एक बार फिर अपने पाले में वापस बुला लिया है। संगठन को मजबूती देने के उद्देश्य से तेजप्रताप ने मिसाल सिन्हा को जनशक्ति जनता दल में एक बेहद महत्वपूर्ण और बड़ी जिम्मेदारी सौंप दी है, जिससे पार्टी के भीतर उनके बढ़ते कद का साफ अंदाजा लगाया जा सकता है।

सालों का अनुभव और तेजप्रताप का अटूट भरोसा

गौरतलब है कि मिसाल सिन्हा का तेजप्रताप यादव के साथ काम करने का पुराना और गहरा अनुभव रहा है। वे पहले भी कई सालों तक तेजप्रताप यादव के निजी सचिव के रूप में उनके बेहद करीब रहकर काम संभाल चुके हैं। हालांकि, कुछ समय पूर्व व्यक्तिगत और पारिवारिक कारणों की वजह से वे बिहार छोड़कर दूसरे राज्य चले गए थे। अब जैसे ही उनकी बिहार वापसी हुई, तेजप्रताप ने बिना देर किए उन पर दोबारा भरोसा जताते हुए उन्हें संगठन की मुख्य कमान सौंप दी।

आने वाले दिनों में होगी कई नए चेहरों की एंट्री

मिसाल सिन्हा की इस धमाकेदार एंट्री के बाद जनशक्ति जनता दल के भीतर हलचल तेज हो गई है। माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में पार्टी में कुछ और बड़े तथा नए चेहरों की एंट्री होने वाली है। तेजप्रताप यादव बिहार की राजनीति में अपनी इस नई पार्टी के जरिए युवाओं को एक मजबूत विकल्प देने की तैयारी कर रहे हैं, जिसके तहत आने वाले हफ्तों में कई जिला स्तर के पदाधिकारियों के नामों की भी नई घोषणा की जा सकती है।

देबांशु प्रभात की रिपोर्ट