पूर्व सीएम नीतीश कुमार से मिले छात्र नेता दिलीप कुमार, शिक्षक नियुक्ति प्रक्रिया को लेकर बड़ी खुशखबरी, ऐसे हो बहाली
मुलाकात के दौरान अभ्यर्थियों ने पूर्व सीएम नीतीश कुमार को अपनी समस्याओं से अवगत कराया। बताया जा रहा है कि उन्होंने सरकार तक छात्रों की बात पहुंचाने का भरोसा दिया।
Bihar Teachers News : बिहार में शिक्षक नियुक्ति प्रक्रिया TRE-4 को लेकर आंदोलन कर रहे अभ्यर्थियों ने गुरुवार को बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से मुलाकात की। इस दौरान अभ्यर्थियों ने शिक्षक बहाली प्रक्रिया को जल्द शुरू करने और लंबित मांगों के समाधान की मांग उठाई। प्रतिनिधिमंडल में छात्र नेता दिलीप कुमार भी शामिल रहे, जिन्होंने हाल के दिनों में TRE-4 आंदोलन को लेकर सरकार और प्रशासन के खिलाफ मुखर आवाज उठाई थी।
पूर्व सीएम नीतीश से सात सर्कुलर रोड वाले आवास में हुई मुलाकात के बाद दिलीप ने बताया कि 46 हजार शिक्षको की बहाली को लेकर इसी वर्ष जो रोस्टर जारी हुआ था उस प्रक्रिया को आगे बढ़ाने के लिए उन्होंने नीतीश कुमार से अनुरोध किया है। उन्होंने कहा कि शिक्षक प्रतिनिधि चाहते हैं कि पहले 46 हजार शिक्षकों की नियुक्ति हो जाए उसके बाद प्रति वर्ष 20 हजार की बहाली हो।
दरअसल, इसी महीने मई में TRE-4 को लेकर पटना में प्रदर्शन कर रहे अभ्यर्थियों पर पुलिस ने लाठीचार्ज किया था। प्रदर्शनकारी अभ्यर्थी चौथे चरण की शिक्षक बहाली प्रक्रिया का विज्ञापन जारी करने और नियुक्ति कैलेंडर घोषित करने की मांग कर रहे थे। इस दौरान छात्र नेता दिलीप कुमार को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया था। उन्हें न्यायिक हिरासत में भेजा गया था और पिछले सप्ताह ही उन्हें जमानत मिली, जिसके बाद वह जेल से बाहर आए। जेल से बाहर आने के बाद यह उनकी पहली बड़ी राजनीतिक मुलाकात मानी जा रही है।
मुलाकात के दौरान अभ्यर्थियों ने पूर्व सीएम नीतीश कुमार को अपनी समस्याओं से अवगत कराया। बताया जा रहा है कि उन्होंने सरकार तक छात्रों की बात पहुंचाने का भरोसा दिया।
इधर TRE-4 को लेकर बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने भी बड़ा आश्वासन दिया है। मुख्यमंत्री ने हाल ही में कहा कि अगले पांच वर्षों में राज्य में एक लाख शिक्षकों की बहाली की जाएगी। इसके तहत हर वर्ष जुलाई महीने में करीब 20 हजार शिक्षकों की नियुक्ति के लिए विज्ञापन जारी किया जाएगा। सरकार के इस बयान के बाद TRE-4 अभ्यर्थियों में उम्मीद जगी है, हालांकि अभ्यर्थी जल्द आधिकारिक अधिसूचना जारी करने की मांग पर अब भी अड़े हुए हैं।