Bihar News: बिहार में डीजे वालों की शामत! 15 दिनों का अल्टीमेटम, पुलिस की अवैध मॉडिफाइड वाहनों पर सख्त कार्रवाई

Bihar News: बिहार में डीजे वालों की अब शामत आने वाली है। बिहार सरकार ने राज्य को ध्वनि प्रदूषण से मुक्त करने के लिए एक मेगा अभियान की शुरुआत की है। अगले 15 दिनों के भीतर पूरे प्रदेश को 'डीजे मुक्त' बनाने का लक्ष्य रखा गया है।

कई अवैध डीजे बरामद - फोटो : social media

Bihar News: बिहार में अवैध और तेज आवाज वाले मॉडिफाइड डीजे वाहनों के खिलाफ बड़ा अभियान शुरू कर दिया गया है। राज्य के परिवहन विभाग ने स्पष्ट किया है कि अगले 15 दिनों के भीतर बिना अनुमति संरचनात्मक बदलाव कर चलाए जा रहे डीजे वाहनों पर पूर्ण प्रतिबंध लागू कर दिया जाएगा। सरकार के इस अभियान से संकेत साफ है कि आने वाले दिनों में राज्य में नियमों के उल्लंघन पर कोई ढिलाई नहीं बरती जाएगी और ‘डीजे मुक्त बिहार’ के लक्ष्य को हर हाल में हासिल किया जाएगा।

परिवहन विभाग का सख्त आदेश 

परिवहन विभाग के सचिव राज कुमार ने सभी जिलों के जिला परिवहन पदाधिकारियों (DTO) और मोटर वाहन निरीक्षकों (MVI) को सख्त निर्देश जारी करते हुए कहा है कि अवैध डीजे वाहनों की पहचान कर तत्काल कार्रवाई की जाए। इसके तहत जांच अभियान तेज कर दिया गया है और नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों का चालान काटने व जब्ती की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है।

कानूनी प्रावधानों के तहत कार्रवाई

अधिकारियों के अनुसार बिना अनुमति वाहन की संरचना में बदलाव करना मोटर वाहन अधिनियम की धारा 52 का उल्लंघन है। इसके अलावा धारा 55(5) और 182(ए) के तहत पंजीकरण रद्द करने और दंडात्मक कार्रवाई का भी प्रावधान है। गंभीर मामलों में गिरफ्तारी तक की कार्रवाई की जा सकती है। निर्धारित मानकों से अधिक ध्वनि प्रदूषण फैलाने पर ₹2,000 तक का चालान किया जा रहा है। साथ ही, गाड़ियों में किसी भी दिशा में अवैध रूप से लगाए गए मॉडिफाइड डीजे सिस्टम पर आर्थिक दंड लगाया जाएगा।

सड़क सुरक्षा और ध्वनि प्रदूषण पर फोकस

विभागीय सूत्रों के मुताबिक यह कदम सड़क सुरक्षा, ध्वनि प्रदूषण नियंत्रण और शादी-बारात जैसे आयोजनों में होने वाली अव्यवस्था को रोकने के उद्देश्य से उठाया गया है। पटना समेत कई जिलों में अब तक सैकड़ों मॉडिफाइड डीजे वाहन पकड़े जा चुके हैं। परिवहन विभाग ने यह भी स्पष्ट किया है कि जो वाहन मालिक कमर्शियल उपयोग के नाम पर पंजीकरण कराते हैं और बाद में उसमें अवैध डीजे सिस्टम लगाते हैं, उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। 

धीरज की रिपोर्ट