Bihar News: पटना DM के आदेश ने उड़ा दी भू-माफियाओं की नींद! आवास बोर्ड की जमीन पर कब्जा पड़ा महंगा, जा सकते हैं जेल
Bihar News: पटना डीएम ने भू-माफियाओं को सख्त आदेश दिया है। राजीव नगर क्षेत्र में बिहार राज्य आवास बोर्ड द्वारा अधिग्रहित जमीन पर किसी भी प्रकार के नए निर्माण पर रोक लगा दिया है। अगर उल्लघंन करते हैं तो जेल भी जाना पड़ सकता है।
Bihar News: राजधानी पटना के राजीव नगर क्षेत्र में बिहार राज्य आवास बोर्ड द्वारा अधिग्रहित जमीन पर किसी भी प्रकार के नए निर्माण पर पूर्णतः प्रतिबंध लगा दिया गया है। जिला प्रशासन ने इस संबंध में सख्त आदेश जारी करते हुए स्पष्ट किया है कि आदेश का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
पटना डीएम का सख्त आदेश
जिलाधिकारी पटना ने संबंधित थाना प्रभारी और अंचल अधिकारी को निर्देश दिया है कि अधिग्रहित भूमि पर किसी भी नए निर्माण को तत्काल प्रभाव से रोका जाए और आदेश का सख्ती से पालन सुनिश्चित किया जाए। इसके अलावा अनुमंडल पदाधिकारी (पटना सदर) और अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी को नियमित मॉनिटरिंग करने तथा आदेश का अक्षरशः अनुपालन सुनिश्चित कराने का निर्देश दिया गया है।
हर गतिविधियों पर रखा जा रहा नजर
जिला प्रशासन ने यह भी कहा है कि प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी आवास बोर्ड के अधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित कर कार्रवाई करें, ताकि अधिग्रहित जमीन पर अवैध निर्माण की किसी भी कोशिश को समय रहते रोका जा सके। प्रशासन की इस सख्ती के बाद राजीव नगर क्षेत्र में निर्माण गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है।
पटना से अनिल की रिपोर्ट