Bihar Politics: वैभव सूर्यवंशी को सम्मानित करेंगे सीएम नीतीश, खेल मंत्री श्रेयसी सिंह ने कहा-बिहार के लिए गर्व का दिन
Bihar Politics: सीएम नीतीश आज वैभव सूर्यवंशी को सम्मानित करेंगे। जिसको लेकर खेल मंत्री ने बड़ा बयान दिया है। खेल मंत्री ने कहा कि, आज बिहार के गर्व का दिन है। उन्होंने वैभव को बधाई भी दी।
Bihar Politics: बिहार की खेल मंत्री श्रेयसी सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार आज युवा क्रिकेटर वैभव सूर्यवंशी को सम्मानित करेंगे। उन्होंने कहा कि वैभव ने हम सभी को गर्व करने का अवसर दिया है और आज का दिन बिहार के लिए बेहद खुशी का दिन है। खेल मंत्री ने कहा कि उनकी मंगलकामना है कि आने वाले समय में वैभव भारतीय टीम का हिस्सा बनें और देश के साथ-साथ बिहार का नाम रोशन करें।
सीएम नीतीश करेंगे सम्मानित
बता दें कि, सीएम नीतीश आज बिहार के लाल और क्रिकेटर वैभव सूर्यवंशी को सम्मानित करेंगे। शाम में सीएम आवास में सम्मान समारोह का आयोजन होगा। इस कार्यक्रम के लिए वैभव सूर्यवंशी पटना पहुंच गए हैं। सुबह सुबह वैभव पटना पहुंचे। वैभव अपने माता पिता के साथ शाम में एक अणे मार्ग पहुंचेंगे जहां उन्हें सीएम नीतीश सम्मानित करेंगे इस दौरान दोनों उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और विजय सिन्हा भी मौजूद रहेंगे।
बिहार करेगा बड़े खेल आयोजनों की मेजबानी
श्रेयसी सिंह ने कहा कि बिहार जल्द ही क्रिकेट के अलावा ओलंपिक खेलों की मेजबानी के लिए भी तैयार होगा। उन्होंने बताया कि पटना स्थित मोइनुल हक स्टेडियम के साथ-साथ राजगीर का स्टेडियम भी जल्द अंतरराष्ट्रीय स्तर के आयोजनों की मेजबानी के लिए तैयार हो जाएगा।
AI समिट पर कांग्रेस के विरोध की आलोचना
AI समिट के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं के विरोध पर प्रतिक्रिया देते हुए खेल मंत्री ने कहा कि यह भारत का गौरव बढ़ाने वाला कार्यक्रम था। लेकिन जिस प्रकार से कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने व्यवहार किया, वह दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने कहा कि इस तरह की हरकतें उचित नहीं हैं और इससे राज्य की छवि प्रभावित होती है। श्रेयसी सिंह के इस बयान के बाद राज्य की राजनीति में एक बार फिर बयानबाजी तेज होने के संकेत मिल रहे हैं।
पटना से नरोत्तम की रिपोर्ट