"क्या भाजपा विधायक मतलब गुंडागर्दी?", तेजस्वी यादव का सम्राट सरकार पर तीखा हमला

कानून व्यवस्था और शिक्षक अभ्यर्थियों पर लाठीचार्ज को लेकर नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने प्रदेश की सम्राट सरकार को घेरा है। उन्होने मुजफ्फरपुर कांड को लेकर सरकार से पूछा है कि आरोपित विधायक पर कार्रवाई कब होगी...

तेजस्वी यादव का सम्राट सरकार पर तीखा हमला- फोटो : अभिजीत

Patna : बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने सूबे की 'सम्राट सरकार' पर कानून व्यवस्था को लेकर अब तक का सबसे कड़ा प्रहार किया है। तेजस्वी यादव ने भारतीय जनता पार्टी के एक विधायक पर गंभीर आरोप लगाते हुए सरकार से सीधा सवाल किया है कि क्या भाजपा का विधायक होने का मतलब 'गुंडागर्दी की छूट' मिल जाना है? उन्होंने दावा किया कि सत्ता पक्ष के विधायक गरीबों के घरों में घुसकर मारपीट कर रहे हैं और सरकार मूकदर्शक बनी हुई है।


तेजस्वी यादव ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो साझा करते हुए इस घटना की पुष्टि की और सरकार से जवाब मांगा। उन्होंने कहा, "हमने वीडियो सार्वजनिक कर दिया है, अब सरकार बताए कि उस दबंग विधायक पर कार्रवाई कब तक होगी? क्या भाजपा के विधायकों को यह लाइसेंस मिल गया है कि वे किसी भी गरीब के घर पर चढ़कर मारपीट और गुंडागर्दी करेंगे?" नेता प्रतिपक्ष ने आरोप लगाया कि वर्तमान सरकार के संरक्षण में अपराधियों और दबंगों की 'बल्ले-बल्ले' है।


कानून व्यवस्था के गिरते स्तर पर चिंता जताते हुए तेजस्वी ने कहा कि बिहार में इस समय सरकार से कानून व्यवस्था संभल नहीं रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में चारों ओर गुंडागर्दी का बोलबाला है और आम जनता खुद को असुरक्षित महसूस कर रही है। उन्होंने सरकार की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए कहा कि जो सरकार अपने ही जनप्रतिनिधियों के हिंसक आचरण पर लगाम नहीं लगा सकती, वह आम नागरिकों को सुरक्षा क्या देगी।


शिक्षकों के मुद्दे पर सरकार को घेरते हुए तेजस्वी ने लाठीचार्ज की घटना की कड़ी निंदा की। उन्होंने कहा कि अपनी जायज मांगों को लेकर प्रदर्शन कर रहे शिक्षक अभ्यर्थियों को बेरहमी से पीटा गया और उल्टा 5000 लोगों पर मुकदमे दर्ज कर दिए गए। उन्होंने सवाल किया, "बिहार में क्या स्थिति बना दी गई है? आप युवाओं को नौकरी देने के बजाय उन्हें लाठियों से पीट रहे हैं। सम्राट सरकार बताए कि क्या यही उनका न्याय है? आप अभ्यर्थियों को नौकरी दीजिए, उन पर मुकदमे क्यों लाद रहे हैं?"


तेजस्वी यादव ने अपने बयान के अंत में स्पष्ट रूप से 'सम्राट सरकार' को चुनौती दी कि वे इन सवालों का सीधा जवाब दें। उन्होंने कहा कि विपक्ष चुप नहीं बैठेगा और जनता के हितों के साथ खिलवाड़ करने वाली इस सरकार से हर मोर्चे पर जवाब मांगेगा। नेता प्रतिपक्ष के इन तीखे तेवरों ने बिहार की सियासत में हलचल तेज कर दी है, जिससे आने वाले दिनों में सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच टकराव और बढ़ने के आसार हैं।


अभिजीत की रिपोर्ट