Bihar News: आरा में मानवता शर्मसार, सड़क पर इंसानी पैर को नोचते दिखे कुत्ते, मचा हड़कंप

Bihar News: बिहार के भोजपुर से हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है। एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है इस वीडियो में कुत्ते इंसानी पैर को नोचते दिख रहे हैं....

इंसानी पैर नोचते कुत्ते - फोटो : social media

Bihar News:  बिहार के भोजपुर जिले में एक बार फिर मानवता को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। जिले के आरा शहर के सबसे व्यस्त इलाके महावीर टोला में सड़क पर आवारा कुत्ते इंसानी पैर को नोचते हुए नजर आए। इस दृश्य का वीडियो सामने आने के बाद शहर में हड़कंप मच गया है। घटना स्थल कोई सुनसान इलाका नहीं बल्कि शहर का अति व्यस्त इलाका है। जहां दर्जनों डॉक्टरों के क्लिनिक और अस्पताल हैं। इसी इलाके में सड़क पर खुलेआम कुत्ते इंसानी अंग को नोचते दिखे।

प्रशासनिक चुप्पी, चर्चा का बाजार गर्म

इस हैरान कर देने वाली तस्वीर के सामने आने के बाद कई सवाल खड़े हो रहे हैं। आखिर यह पैर कहां से आया? किसका है? और इतनी भीड़-भाड़ वाले इलाके में यह लावारिस हालत में कैसे पड़ा रह गया? वीडियो सामने आने के बाद इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। लोग इसे शहर की साफ-सफाई व्यवस्था और सुरक्षा व्यवस्था की नाकामी बता रहे हैं।

गंभीरता से जांच करने की मांग 

हालांकि इस पूरे मामले पर कोई भी अधिकारी बोलने को तैयार नहीं है। स्थानीय लोग प्रशासन से इस घटना की गंभीरता से जांच करने की मांग कर रहे हैं। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि यह मानव अंग किसी शव का हिस्सा है, या कोई आपराधिक घटना इससे जुड़ी हुई है। पुलिस और प्रशासन की ओर से इस पर कोई आधिकारिक बयान अब तक जारी नहीं किया गया है।

आरा से आशीष की रिपोर्ट