Re-NEET 2026: अंतिम दिनों में घबराएं नहीं, खुद पर विश्वास रखने वाले रचते हैं इतिहास : - बिपिन सिंह

Re-NEET 2026: Re-NEET 2026 के अंतिम दिनों के लिए GOAL Institute के संस्थापक एवं प्रबंध निदेशक बिपिन सिंह ने महत्वपूर्ण सुझाव दिए हैं

छात्रों को टिप्स - फोटो : SOCIAL MEDIA

PATNA : पेपर लीक होने की वजह से पिछले दिनों NEET की परीक्षा रद्द कर दी गयी थी। 21 जून की यह परीक्षा फिर से आयोजित की जाएगी। Re-NEET 2026 के अंतिम दिनों के लिए GOAL Institute के संस्थापक एवं प्रबंध निदेशक बिपिन सिंह ने महत्वपूर्ण सुझाव दिए हैं। उन्होंने कहा की Re-NEET 2026 अब अत्यंत निकट है। ऐसे समय में घबराहट नहीं, बल्कि सही रणनीति आपकी सफलता तय करेगी। ऐसे में पिछले 28 वर्षों के अनुभव के आधार पर विद्यार्थियों के लिए सुझाव है की अंतिम दिनों में किसी नए चैप्टर या नए स्रोत के पीछे भागने के बजाय केवल NCERT, अपने क्लास नोट्स और पहले से पढ़े हुए विषयों का रिवीजन करें।

बिपिन सिंह ने कहा की विशेषकर Biology और Chemistry में NCERT की प्रत्येक पंक्ति, तालिका, चित्र एवं तथ्य को बार-बार दोहराएं। NEET में सफलता का सबसे मजबूत आधार NCERT ही है। बताया की पिछले टेस्ट में हुई गलतियों को एक अलग नोटबुक में लिखें और प्रतिदिन उसका पुनरावलोकन करें। वही गलती दोबारा न करना ही वास्तविक प्रगति है। प्रतिदिन समयबद्ध तरीके से Full Length Test या प्रश्नपत्र हल करें। इससे आपकी गति, सटीकता और आत्मविश्वास तीनों बढ़ेंगे। परीक्षा में प्रश्नों का चयन और समय का सही उपयोग उतना ही महत्वपूर्ण है जितना ज्ञान। पहले आसान और निश्चित प्रश्नों को हल करें। 

साथ ही कहा की अफवाहों, कट-ऑफ चर्चाओं और अनावश्यक तुलना से बचें। आपकी प्रतियोगिता किसी और से नहीं, स्वयं से है। तनाव, भय और नकारात्मकता प्रदर्शन को प्रभावित करते हैं। सकारात्मक सोच रखें और अपने परिश्रम पर विश्वास करें। वहीँ बिपिन सिंह ने कहा की पर्याप्त नींद लें, संतुलित भोजन करें और पानी पर्याप्त मात्रा में पिएं। स्वस्थ शरीर ही परीक्षा में श्रेष्ठ प्रदर्शन कर सकता है। 

बिपिन सिंह ने कहा की कट-ऑफ और संभावित रैंक की गणना में समय न गंवाएं। आपका लक्ष्य केवल अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन होना चाहिए। Re-NEET आपके लिए दूसरा अवसर नहीं, बल्कि बेहतर अवसर है। यदि आपने पूरे वर्ष ईमानदारी से तैयारी की है तो सफलता निश्चित रूप से आपके कदम चूमेगी। उन्होंने कहा की "अंतिम दिनों में घबराने वाले नहीं, बल्कि स्वयं पर विश्वास रखने वाले विद्यार्थी इतिहास रचते हैं।"