मोकामा स्टेशन की बदहाली देख बिफरे डीआरएम विनोद कुमार: सेप्टिक टैंक लीकेज पर लगाई फटकार, अवैध कब्जेदारों को दिया अल्टीमेटम

दानापुर रेल मंडल के डीआरएम विनोद कुमार ने मोकामा स्टेशन का औचक निरीक्षण किया। बदहाली और अवैध कब्जों को देखकर उन्होंने अधिकारियों को सख्त चेतावनी देते हुए तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए।

Badh/Patna - दानापुर रेल मंडल के मंडल रेल प्रबंधक (DRM) विनोद कुमार शुक्रवार को अचानक मोकामा रेलवे स्टेशन पहुंचे। घंटों चले इस सघन निरीक्षण के दौरान डीआरएम के तेवर काफी सख्त नजर आए। उन्होंने स्टेशन के चप्पे-चप्पे का जायजा लिया और सुरक्षा मानकों के साथ-साथ यात्री सुविधाओं की समीक्षा की। डीआरएम की इस अचानक एंट्री से पूरे स्टेशन परिसर और रेल महकमे में अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।

गंदगी और लीकेज देख अधिकारियों को लगी फटकार


निरीक्षण के दौरान डीआरएम की नजर स्टेशन परिसर के पास लीक हो रहे सेप्टिक टैंक पर पड़ी। चारों तरफ फैली गंदगी और रिसाव को देखकर वे बेहद नाराज हुए। उन्होंने मौके पर मौजूद अधिकारियों को जमकर फटकार लगाते हुए कहा कि यात्री सुविधाओं और स्वच्छता के मामले में इस तरह की लापरवाही किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने इस समस्या को तत्काल ठीक करने का सख्त निर्देश दिया।

रेलवे कॉलोनी में अवैध कब्जे पर कड़ा रुख

स्टेशन के बाद डीआरएम विनोद कुमार सीधे रेलवे कॉलोनी पहुंचे, जहां की स्थिति और भी खराब मिली। जांच में सामने आया कि रेलवे की कीमती जमीन और सरकारी आवासों पर बड़े पैमाने पर बाहरी लोगों ने अवैध कब्जा कर रखा है। कॉलोनी की बदहाली और अतिक्रमण को देख डीआरएम ने गहरी नाराजगी जताई और इसे रेल प्रशासन की सुरक्षा व्यवस्था में बड़ी चूक माना।

अतिक्रमण मुक्त करने के लिए विशेष अभियान का आदेश

डीआरएम ने रेल पुलिस (GRP/RPF) और संबंधित विभाग को स्पष्ट आदेश दिया है कि सभी अवैध कब्जेदारों को तत्काल चिन्हित कर हटाया जाए। उन्होंने कहा कि रेलवे की भूमि को अतिक्रमण मुक्त करने के लिए एक विशेष अभियान चलाया जाए। साथ ही, उन्होंने यह भी सुनिश्चित करने को कहा कि खाली कराई गई जमीनों की उचित घेराबंदी हो ताकि भविष्य में दोबारा कब्जा न हो सके।

जवाबदेही तय, लापरवाही पर होगी दंडात्मक कार्रवाई

निरीक्षण के अंत में डीआरएम ने दो टूक शब्दों में कहा कि मोकामा एक महत्वपूर्ण जंक्शन है और यहाँ की व्यवस्थाओं में कोताही रेल प्रशासन की छवि को धूमिल करती है। उन्होंने अधिकारियों को चेतावनी दी कि यदि निर्धारित समय के भीतर स्थिति में सुधार नहीं हुआ, तो जिम्मेदार कर्मचारियों पर कठोर दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी। इस दौरे के बाद अब स्थानीय रेल अधिकारियों के बीच हड़कंप मचा हुआ है।

Report - Ravi shankar