दुल्हिनबाजार में पुलिस की बड़ी कार्रवाई: देशी कट्टा और कारतूस के साथ मुख्य आरोपी सुदर्शन यादव गिरफ्तार

पटना के दुल्हिनबाजार अंतर्गत सोनियावाँ गांव में हिंसक मारपीट के मुख्य आरोपी सुदर्शन यादव को पालीगंज एसडीपीओ के नेतृत्व में हुई छापेमारी में किया गया गिरफ्तार, घर से कट्टा व गोलियां बरामद, आर्म्स एक्ट का केस दर्ज।

दुल्हिनबाजार में अवैध कट्टा और कारतूस के साथ मुख्य आरोपी गिरफ्तार- फोटो : Reporter

पटना जिले के पालीगंज अनुमंडल अंतर्गत दुल्हिनबाजार थाना क्षेत्र के ईचीपुर ओ०पी० के सोनियावाँ गांव से पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। बीते 29 अगस्त 2026 को दो पक्षों के बीच हुई हिंसक मारपीट की घटना में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य प्राथमिकी अभियुक्त सुदर्शन यादव को गिरफ्तार कर लिया। 29 अगस्त को हुई मारपीट के बाद पुलिस ने कांड संख्या 336/26 दर्ज कर जांच शुरू की थी।


अभियुक्त की निशानदेही पर देशी कट्टा और कारतूस बरामद

गिरफ्तारी के बाद जब पुलिस ने सुदर्शन यादव से कड़ाई से पूछताछ की, तो उसने अपने घर में अवैध हथियार छिपाने की बात स्वीकार की। इसके बाद पुलिस टीम ने अभियुक्त की निशानदेही पर उसके घर पर दोबारा छापेमारी की। इस दौरान पुलिस ने 01 देशी कट्टा, 02 जिंदा कारतूस और खोखा बरामद किया, जिससे गांव में सनसनी फैल गई।


आर्म्स एक्ट के तहत दर्ज हुआ नया मामला

अवैध हथियार और कारतूस की बरामदगी के बाद दुल्हिनबाजार पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अलग से एक और नया मामला (कांड संख्या 339/26) दर्ज कर लिया है। अब पुलिस सुदर्शन यादव के खिलाफ मारपीट की प्राथमिकी के साथ-साथ अवैध हथियार रखने और आर्म्स एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत भी आगे की कठोर कानूनी कार्रवाई कर रही है।


सिटी एसपी के निर्देश पर गठित टीम को मिली सफलता

पालीगंज एसडीपीओ 2 पंकज कुमार शर्मा ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पश्चिमी सिटी एसपी के निर्देश पर विशेष टीम का गठन कर यह छापेमारी की गई थी। टीम ने तत्परता दिखाते हुए मुख्य आरोपी को दबोचा और अवैध हथियार बरामद किए। फिलहाल पुलिस अग्रिम कानूनी प्रक्रिया पूरी कर आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेजने की तैयारी कर रही है।

बिक्रम से ऋषिकेश की रिपोर्ट