Bihar News: 'साहब बचा लीजिए, हमें पड़ोसी मार डालेगा!' पटना पुलिस के सामने बुजुर्ग दंपति ने लगाई जान की गुहार, इलाके में फैली दहशत

Bihar News: पटना में बुजुर्ग दंपति ने थाने में पुलिस के सामने गुहार लगाई है कि उनके जान को खतरा है। उन्होंने पुलिस से कहा है कि उनके पड़ोसी उन्हें मारने की साजिश कर रहे हैं।

बुजुर्ग दंपति की गुहार - फोटो : reporter

Bihar News:  राजधानी पटना के राजीव नगर थाना क्षेत्र से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। जहां एक बुजुर्ग दंपति ने अपने ही पड़ोसी पर प्रताड़ना और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। पीड़ित दंपति ने थाने पहुंचकर अपनी सुरक्षा की गुहार लगाई है। पीड़ित राम पुकार राय राजीव नगर थाना अंतर्गत इलाके के निवासी हैं। उन्होंने आरोप लगाया है कि उनका पड़ोसी लगातार उन्हें परेशान कर रहा है। 

थाने पहुंचे बुजुर्ग दंपति 

दंपति का कहना है कि वे दोनों घर में अकेले रहते हैं, जबकि उनके दो पुत्र पटना से बाहर नौकरी करते हैं। इसी बात का फायदा उठाकर पड़ोसी उन पर मकान खाली करने और बेच देने का दबाव बना रहा है। बुजुर्ग दंपति के अनुसार आरोपी पड़ोसी अक्सर गाली-गलौज करता है और उन्हें मकान छोड़कर भाग जाने की धमकी देता है। इतना ही नहीं, पीड़ित की पत्नी की हत्या करने की मंशा रखने का भी गंभीर आरोप लगाया गया है। 

पड़ोसी से जान की खतरा 

दंपति का कहना है कि लगातार मिल रही धमकियों से वे भय के माहौल में जीने को मजबूर हैं। राम पुकार राय ने बताया कि पड़ोसी उनसे मकान बेचने का दबाव बनाता है और इनकार करने पर अंजाम भुगतने की चेतावनी देता है। विवाद बढ़ने के बाद उन्होंने थाने में लिखित शिकायत देकर सुरक्षा की मांग की है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। थाना स्तर पर दोनों पक्षों को बुलाकर पूछताछ की तैयारी की जा रही है। पुलिस का कहना है कि शिकायत के आधार पर उचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी और बुजुर्ग दंपति की सुरक्षा सुनिश्चित की जाएगी।

पटना से अनिल की रिपोर्ट