Bihar Police Encounter : पटना पुलिस और हथियार तस्कर के मुठभेड़ में कुख्यात का एनकाउंटर, 1200 जिंदा कारतूस के साथ 3 गिरफ्तार
Bihar Police Encounter : पटना के फतुहा में पुलिस और अपराधियों के बीच मुठभेड़ हुआ है। पुलिस एनकाउंटर में एक अपराधी को गोली लगी है। पुलिस ने 3 शातिरों के साथ 1200 जिंदा कारतूस बरामद किया है।
Bihar Police Encounter : राजधानी पटना में एक बार फिर पटना पुलिस और अपराधियों के बीच मुठभेड़ हुआ है। पुलिस ने इस मुठभेड़ में एक आरोपी को गोली मारी है। पुलिस ने 1200 जिंदा कारतूस के साथ 3 हथियार तस्कर को गिरफ्तार किया है। मामला पटना के फतुहा थाना क्षेत्र के सिरपतपुर गांव का है। जहां बुधवार शाम पुलिस और हथियार तस्करों के बीच मुठभेड़ हो गई। इस दौरान पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक तस्कर घायल हो गया। पुलिस ने घायल तस्कर समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया है।
1200 से अधिक कारतूस और कट्टा बरामद
आरोपियों के पास से 1200 से अधिक कारतूस और एक कट्टा बरामद किया गया है। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार अपराधी इलाके के बदमाशों को हथियार और गोलियों की सप्लाई करने पहुंचे थे। इसकी गुप्त सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस को देखते ही तस्करों ने पिस्टल तान दी, जिसके बाद आत्मरक्षा में पुलिस को गोली चलानी पड़ी। जवाबी फायरिंग में सारण निवासी हथियार तस्कर सुंदरम सिंह उर्फ भोला के दाएं पैर में गोली लग गई।
बड़ी घटना के लिए होनी थी हथियारों का डील
एसएसपी कार्तिकेय के. शर्मा ने बताया कि गिरफ्तार सभी आरोपी अंतरजिला गिरोह से जुड़े हैं। पुलिस को सूचना मिली थी कि फतुहा इलाके में कुछ अपराधी भारी मात्रा में हथियार और कारतूस लेकर आने वाले हैं और उनकी स्थानीय अपराधियों से डील होने वाली है। इसके बाद एसएसपी के निर्देश पर एक विशेष टीम का गठन किया गया।
पुलिस ने की जवाबी कार्रवाई
पुलिस टीम बुधवार शाम करीब सात बजे सिरपतपुर गांव पहुंची और अपराधियों को पकड़ने की कोशिश की। इस दौरान बदमाश भागने लगे और पुलिस पर फायरिंग करने का प्रयास किया। फतुहा थाना प्रभारी कुमार रोशन ने सतर्कता बरतते हुए आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की। पुलिस की गोली सुंदरम सिंह के दाएं पैर के घुटने के ऊपर लगी, जिससे वह मौके पर ही गिर पड़ा। बाद में उसे इलाज के लिए फतुहा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया।
अपराधी घायल
घटनास्थल से पुलिस ने दो अन्य तस्करों को भी गिरफ्तार किया है। इनमें सारण जिले के तेलपा निवासी द्वारिका सिंह के पुत्र सुजीत कुमार उर्फ गबरू और बाढ़ निवासी स्वर्गीय कृष्ण यादव के पुत्र सत्यरोहण यादव उर्फ भालू यादव शामिल हैं। डॉक्टरों के अनुसार गोली सुंदरम के पैर को छूते हुए निकल गई है और उसकी हालत खतरे से बाहर है। पुलिस जांच में सामने आया है कि यह गिरोह किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की तैयारी में था और उसी के लिए हथियार व कारतूस मंगाए गए थे। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि समय रहते कार्रवाई कर एक बड़ी घटना को टाल दिया गया।