बिहार में ठगी का अनोखा मामला: कार्यपालक अभियंता को 'निगरानी अधिकारी' बन कर रहा था ब्लैकमेल, EOU ने शातिर को दबोचा

EOU ने एक कार्यपालक अभियंता को आय से अधिक संपत्ति का डर दिखाकर 2 लाख रुपये मांगने और धमकाने वाले आरोपी निहाल कुमार राय को गिरफ्तार किया है।आरोपी पहले भी कई अभियंताओं को अपना शिकार बना चुका है।EOU की तकनीकी जांच में कई चौंकाने वाले खुलासे हुए हैं।

निगरानी अधिकारी बनकर इंजीनियरों से रंगदारी वसूलने वाले शातिर का पर्दाफाश, शतिर गिरफ्तार - फोटो : news 4 nation AI

कटिहार के बाढ़ नियंत्रण प्रमंडल के कार्यपालक अभियंता कृपानाथ चंद्र विश्वास को एक अज्ञात व्यक्ति द्वारा फोन कर यह धमकी दी गई कि वह आर्थिक अपराध इकाई/निगरानी से बोल रहा है. उनके खिलाफ आय से अधिक संपत्ति की शिकायत है और मामला रफा-दफा करने के लिए 2 लाख रुपये की मांग की गई. साथ ही, पटना आकर संपर्क नहीं करने पर छापेमारी (रेड) की धमकी भी दी गई. 


आर्थिक अपराध इकाई में मामला दर्ज कर शुरू हुई जांच

अभियंता द्वारा आर्थिक अपराध इकाई (EOU) कार्यालय में इसकी शिकायत दर्ज कराई गई. मामले की गंभीरता को देखते हुए आर्थिक अपराध थाना कांड संख्या-32/26 दर्ज किया गया. पुलिस ने आपराधिक षड्यंत्र, रंगदारी और सरकारी पदाधिकारी बनकर धन उगाही के प्रयास की धाराओं के तहत त्वरित अनुसंधान प्रारंभ किया.


विकास भवन के पास पैसे लेकर बुलाने वाला आरोपी गिरफ्तार

तकनीकी साक्ष्यों और अनुसंधान के आधार पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मोबाइल नंबर के धारक निहाल कुमार राय (उम्र करीब 20 वर्ष, मूल निवासी गोपालगंज, वर्तमान पता गर्दनीबाग, पटना) को गिरफ्तार कर लिया. आरोपी ने पूछताछ में स्वीकार किया कि उसने अभियंता को डराकर विकास भवन, पटना के पास पैसे के साथ बुलाया था. 


कई अन्य अभियंताओं को भी ठग चुका है शातिर ठग

जांच के दौरान आरोपी के मोबाइल से कई अन्य अभियंताओं और सरकारी पदाधिकारियों को डराने-धमकाने से जुड़े चैट, निगरानी इकाई के वरिष्ठ अधिकारी के नेम प्लेट का फोटो तथा विभिन्न विभागों के अधिकारियों के नंबरों के स्क्रीनशॉट मिले. आरोपी भवन निर्माण निगम में एक साधारण पेटी कांट्रेक्टर है और पहले भी कई इंजीनियरों को निगरानी का भय दिखाकर पैसे वसूल चुका है.  


न्यायिक हिरासत में भेजा गया आरोपी, अन्य संलिप्तों की तलाश जारी

गिरफ्तार आरोपी के पास से अन्य व्यक्ति के नाम का एक आईडी कार्ड भी बरामद किया गया है. आर्थिक अपराध इकाई द्वारा इस रैकेट से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी गहन जांच की जा रही है. EOU ने स्पष्ट किया है कि इस तरह के कृत्य करने वाले असामाजिक तत्वों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई लगातार जारी रहेगी.   

पटना से अनिल की रिपोर्ट