Bihar EOU Raid: बिहार में EOU की रेड, किशनगंज के इंस्पेक्टर के 5 ठिकानों पर ताबड़तोड़ छापेमारी, जानिए पूरा मामला
Bihar EOU Raid: बिहार से इस वक्त की बड़ी खबर सामने आ रही है। मिली जानकारी अनुसार मंगलवार की सुबह से ही किशनगंज के इंस्पेक्टर के 5 ठिकानों पर ताबड़तोड़ छापेमारी जारी है।
Bihar EOU Raid: बिहार में भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई तेज करते हुए आर्थिक अपराध इकाई (EOU) ने किशनगंज के टाउन थाना में तैनात इंस्पेक्टर अभिषेक कुमार रंजन के ठिकानों पर छापेमारी की है। आय से अधिक संपत्ति के मामले में यह कार्रवाई की गई है। EOU के अनुसार, इंस्पेक्टर रंजन के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के आरोप में केस दर्ज किया गया है। प्राथमिक जांच में उनके पास करीब 1.70 करोड़ रुपये की अवैध संपत्ति होने के साक्ष्य मिले हैं, जो उनकी ज्ञात आय से लगभग 115.66% अधिक बताई जा रही है।
5 ठिकानों पर एक साथ छापेमारी
मंगलवार सुबह पटना, छपरा और किशनगंज स्थित उनके कुल 5 ठिकानों पर एक साथ छापेमारी शुरू की गई। यह कार्रवाई पुलिस उपाधीक्षक स्तर के अधिकारियों के नेतृत्व में की जा रही है। इस संबंध में आर्थिक अपराध इकाई थाना कांड संख्या 05/26, दिनांक 13 अप्रैल 2026 के तहत भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 (संशोधित 2018) की धाराओं 13(2) और 13(1)(बी) के तहत मामला दर्ज किया गया है। तलाशी के लिए पटना के विशेष निगरानी न्यायालय से वारंट प्राप्त किया गया था।
पहले भी हो चुकी है कार्रवाई
गौरतलब है कि इससे पहले किशनगंज के एक डीएसपी पर भी इसी तरह की कार्रवाई की जा चुकी है, जिससे जिले में भ्रष्टाचार के खिलाफ सख्ती का संकेत मिल रहा है। फिलहाल सभी ठिकानों पर तलाशी की कार्रवाई जारी है। अधिकारियों का कहना है कि छापेमारी पूरी होने के बाद ही जब्त संपत्तियों और अन्य दस्तावेजों की विस्तृत जानकारी साझा की जाएगी।
पटना से अनिल की रिपोर्ट