Bihar Budget Session: बिहार में नहीं बंद होगी इथेनॉल फैक्ट्रियां, मंत्री दिलीप जायसवाल ने सदन में किया ऐलान, मोदी सरकार से बड़ी मांग
Bihar Budget Session: बिहार में इथेनॉल फ्रैक्टियां खत्म नहीं होंगी इसको लेकर सदन में सरकार से सवाल किया गया जिसपर सरकार ने अपनी बातों को रखा।
Bihar Budget Session: बिहार विधानमंडल का बजट सत्र जारी है। सदन में आज की कार्यवाही जारी है। सदन में प्रश्नकाल में इथेनॉल फैक्ट्रियों का मुद्दा जोरदार तरीके से उठाया गया। श्याम रजक ने बिना किसी कटौती के इथेनॉल उत्पादन की अनुमति देने की मांग की। उन्होंने कहा कि अन्य राज्यों में केंद्र सरकार द्वारा इथेनॉल की खरीद के बेहतर आंकड़े हैं, जबकि बिहार में कोटा सीमित होने के कारण फैक्ट्रियों पर संकट मंडरा रहा है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि स्थिति नहीं सुधरी तो फैक्ट्रियां बंद हो सकती हैं और बड़े पैमाने पर रोजगार प्रभावित होगा।
दिलीप जायसवाल का जवाब
इस पर उद्योग मंत्री दिलीप जायसवाल ने सदन को बताया कि भारत सरकार के साथ 35.28 करोड़ लीटर इथेनॉल खरीद का एमओयू हुआ है। उन्होंने जानकारी दी कि बिहार की डेडिकेटेड इथेनॉल इकाइयों द्वारा वर्तमान में 1602 लीटर प्रतिदिन उत्पादन किया जा रहा है, जबकि एग्रीमेंट के अनुसार राज्य को 1060 लीटर का ही कोटा आवंटित हुआ है।
पीएम मोदी से बड़ी मांग
मंत्री ने कहा कि बिहार सरकार ने केंद्र से कोटा बढ़ाने की मांग की है और जल्द ही इस समस्या के समाधान की उम्मीद है। उन्होंने यह भी कहा कि राज्य में खुलने वाली हर फैक्ट्री से सरकार का भावनात्मक जुड़ाव है और सरकार चाहती है कि फैक्ट्रियों की आय बढ़े तथा रोजगार के अवसर सुरक्षित रहें। इथेनॉल फैक्ट्रियों से जुड़े सवालों पर राष्ट्रीय जनता दल (राजद) और राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) के कई विधायकों ने भी चर्चा में भाग लिया। वहीं मंत्री ने जानकारी दी की। उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी दिल्ली जा रहे हैं। जहां वे इस मुद्दे पर केंद्र सरकार के साथ बातचीत करेंगे।
पटना से रंजन की रिपोर्ट