बिहार में डांस प्रोग्राम करने आई यूपी की डांसर से सामूहिक दुष्कर्म, वारदात के चंद घंटों में ही तीनों आरोपी गिरफ्तार
भोजपुर में अपराधियों के हौसले बुलंद! यूपी से रोजी-रोटी कमाने आई एक नर्तकी के साथ करनामेपुर में सामूहिक दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया गया। विरोध करने पर पीड़िता को बेरहमी से पीटा गया। हालांकि, पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए तीनों दरिंदों को गिरफ्तार
Arrah - भोजपुर जिले के करनामेपुर थाना क्षेत्र में उत्तर प्रदेश की एक नर्तकी के साथ सामूहिक दुष्कर्म का सनसनीखेज मामला प्रकाश में आया है। शनिवार की रात हुई इस वारदात के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है। पीड़िता का आरोप है कि विरोध करने पर उसके साथ मारपीट भी की गई। हालांकि, रविवार सुबह सूचना मिलते ही पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की और घटना में शामिल तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
कार्यक्रम के बहाने ले जाकर किया दुष्कर्म
पीड़ित नर्तकी मूल रूप से यूपी के आजमगढ़ की रहने वाली है और करनामेपुर थाना क्षेत्र में ही किराए के मकान में रहकर एक स्थानीय नाच पार्टी में काम करती है। शनिवार की शाम वह एक कार्यक्रम में शामिल होने गई थी। आरोप है कि इसी दौरान करनामेपुर क्षेत्र के ही रहने वाले तीन युवकों ने उसे बहला-फुसलाकर दूसरी जगह ले गए और वहां बारी-बारी से उसके साथ दुष्कर्म किया। जब पीड़िता ने शोर मचाने और विरोध करने की कोशिश की, तो उसके साथ मारपीट भी की गई।
पुलिस की त्वरित दबिश, तीनों आरोपी गिरफ्तार
रविवार की सुबह जब पीड़िता और नाच पार्टी के संचालक ने थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई, तो पुलिस महकमा हरकत में आ गया। थानाध्यक्ष के नेतृत्व में टीम ने छापेमारी कर अलग-अलग गांवों से तीनों नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस फिलहाल गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर रही है और यह जानने की कोशिश कर रही है कि क्या इस घटना में अन्य लोग भी शामिल थे।
मेडिकल जांच और कोर्ट में बयान की प्रक्रिया शुरू
करनामेपुर थानाध्यक्ष के अनुसार, पीड़िता की शिकायत पर तत्काल प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस ने पीड़िता को मेडिकल जांच के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है। इसके साथ ही कोर्ट में पीड़िता का 164 के तहत बयान दर्ज कराने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है। थानाध्यक्ष ने स्पष्ट किया कि मेडिकल रिपोर्ट आने के बाद ही दुष्कर्म की आधिकारिक पुष्टि और धाराओं में विस्तार किया जा सकेगा।