रिश्वत की मांग आरोप में MVI से स्पष्टीकरण तलब: परिवहन विभाग ने जारी किया नोटिस, एक सप्ताह में मांगा जवाब
भ्रष्टाचार के मामले में परिवहन विभाग ने सख्त रुख अपनाया है। विभाग ने दरभंगा के तत्कालीन और वर्तमान में गयाजी में पदस्थापित मोटरयान निरीक्षक (MVI) सतीश कुमार पर वाहन जांच के एवज में रिश्वत मांगने का गंभीर आरोप लगा है। विभाग ने जांच के आदेश दिया है..
Patna : बिहार परिवहन विभाग ने भ्रष्टाचार और अनियमितता के मामलों पर सख्त रुख अपनाते हुए दरभंगा के तत्कालीन तथा वर्तमान में गयाजी में पदस्थापित मोटरयान निरीक्षक (MVI) सतीश कुमार से स्पष्टीकरण तलब किया है। विभाग ने उन्हें निर्देश दिया है कि वे आरोप मिलने के एक सप्ताह के भीतर अपना लिखित जवाब दाखिल करें।
क्या है पूरा मामला?
बिहार सरकार के परिवहन विभाग द्वारा 15 अक्टूबर 2026 को जारी पत्रांक-05/स्था-01-57/2023 के अनुसार, यह कार्रवाई जिला परिवहन पदाधिकारी (DTO), दरभंगा के पत्रांक-3377 (दिनांक 07.08.2026) के आधार पर की गई है। डीटीओ दरभंगा द्वारा भेजे गए पत्र में शिकायत दर्ज कराई गई थी कि वाहन स्वामी श्याम कुमार दास के दुर्घटनाग्रस्त वाहन (संख्या: BR07PD-5881) की यांत्रिक जाँच (mechanical inspection) के एवज में 'सुमन' नामक व्यक्ति के माध्यम से रिश्वत की मांग की गई थी। इसी शिकायत और परिवाद को आधार बनाते हुए आगे की विभागीय कार्रवाई का अनुरोध किया गया था।
एक सप्ताह के भीतर स्पष्टीकरण समर्पित करने का निर्देश
राज्य परिवहन आयुक्त कार्यालय ने उक्त शिकायत और परिवाद पत्र की छायाप्रति संलग्न करते हुए संबंधित MVI को निर्देशित किया है कि वे लगाए गए गंभीर आरोपों पर एक सप्ताह के अंदर अपना पक्ष रखते हुए स्पष्टीकरण समर्पित करें।
विभागीय सूत्रों के अनुसार, इस मामले में प्रारंभिक स्तर की जांच पूरी कर ली गई है और स्पष्टीकरण का जवाब मिलने के बाद नियमानुसार आगे की कठोर विभागीय कार्रवाई की जाएगी।
धीरज पराशर की रिपोर्ट