बदनाम करने के लिए वायरल किया फर्जी ऑडियो, अखंडवासिनी देवी मंदिर के पुजारी और जदयू नेता ने दी सख्त चेतावनी, FIR दर्ज
Bihar News : पटना के अखंडवासिनी देवी मंदिर के पुजारी विशाल बाबा ने गुरुवार को उस वायरल वीडियो से अपना कोई वास्ता नहीं बताया है जिसमें उनके साथ ठगी होने का दावा किया गया था. साथ ही जदयू नेता नेता छोटू सिंह का नाम घसीटे जाने को पूरी तरह से सियासी तौर पर साजिश करार दिया. पुजारी ने साफ कहा है कि वीडियो भ्रामक और गलत तरीके से पेश किया गया है.
दरअसल, सोशल मीडिया पर एक वायरल वीडियो में दावा किया जा रहा है कि अखंडवासिनी देवी मंदिर के पुजारी विशाल बाबा को खास सुविधाएं दिलाने के नाम पर उनसे नकदी और तरह तरह के उपहार लिए गए हैं. इसमें विशाल बाबा और छोटू सिंह दोनों का नाम लेकर उनके बीच लेनदेन की बातें कही जा रही हैं. इसे लेकर मीडिया के एक वर्ग में भी खबरें चलाकर दावा किया गया कि बिशाल बाबा के साथ हुई ठगी में छोटू सिंह की भी भूमिका है.
हालांकि इसे पूर्ण रूप से भ्रामक और छवि को खराब करने वाला बताते हुए विशाल बाबा ने ऐसे लोगों के खिलाफ कार्रवाई करने की बातें कही जिन्होंने उनके नाम का इस्तेमाल किया. उन्होंने कहा कि कुछ लोग जानबूझकर मेरी छवि खराब करने की कोशिश कर रहे हैं. इसी के साथ उन्होंने चेतावनी दी है कि ऐसे लोगों के खिलाफ अब सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी. उन्होंने उस वायरल वीडियो को पूरी तरह से खारिज कर दिया है, जिसमें उनके नाम को लेकर कई तरह के दावे किए जा रहे थे.
पुजारी विशाल बाबा ने स्पष्ट किया कि जल्द ही संबंधित लोगों के खिलाफ FIR दर्ज कराई जाएगी. किसी को भी मंदिर या उनकी छवि से खिलवाड़ करने की इजाजत नहीं दी जाएगी. उन्होंने कहा कि ऐसे लोग उनके नाम को घसीट कर मंदिर की गरिमा से खेल रहे हैं.
वहीं जेडीयू नेता छोटू सिंह ने कहा कि मेरी छवि को कुछ नेता खराब करने में लगे हुए हैं. वे उस किस्म के शरारती तत्वों से डरते नहीं हैं. उन्होंने कई यूट्यूब चैनल पर भी आरोप लगाया और कहा कि हमसे पैसा मांग रहे थे नहीं दिए इसलिए छवि को खराब करने में लगे हुए हैं.
वंदना की रिपोर्ट