Bihar News : सीएम नीतीश के गृह जिले में सरकारी स्कूल बना 'मयखाना', सचिव के पति पर शराब पार्टी करने का आरोप
NALANDA : बिहार में पूर्ण शराबबंदी कानून को लागू हुए बरसों बीत चुके हैं, लेकिन जमीनी हकीकत अक्सर सरकार और प्रशासन के दावों की पोल खोलती नजर आती है। ताजा मामला मुख्यमंत्री के गृह जिले नालंदा से सामने आया है, जहाँ शिक्षा के पावन मंदिर सरकारी स्कूल के भीतर ही शराब की महफिल सजाई गई। इसमें विद्यालय के सचिव के पति के भी शामिल होने की बात बताई जा रही है।
यह पूरा मामला बिहारशरीफ प्रखंड के डुमरामा उत्क्रमित मध्य विद्यालय का है। घटना महावीर जयंती के दिन की बताई जा रही है। एक तरफ जहाँ पूरा देश इस महान पर्व की पावनता में डूबा था। उसी समय इस विद्यालय के बरामदे पर कुछ युवक बेखौफ होकर 'जाम से जाम' टकरा रहे थे। सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे वीडियो में साफ तौर पर देखा जा सकता है कि चार-पांच युवक स्कूल के बरामदे को अपना निजी मयखाना बना चुके हैं। उनके पास अंग्रेजी शराब की बोतलें और सिगरेट के पैकेट बिखरे पड़े हैं।
सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि इस महफिल में स्कूल शिक्षा समिति की सचिव के पति अजीत कुमार के भी शामिल होने की बात बताई जा रही है। एक ऐसा व्यक्ति, जिसकी जिम्मेदारी स्कूल की व्यवस्थाओं को सुधारने में सहयोग देने की होनी चाहिए। वही इस कुकृत्य में संलिप्त पाया गया। जिस स्कूल परिसर में बच्चे शिक्षा ग्रहण करने आते हैं, वहाँ शराब की बोतलें खुलना समाज के लिए एक चिंताजनक संकेत है।
इस वायरल वीडियो पर विद्यालय के प्रधानाध्यापक ब्रज बिहारी ने अपनी बेबसी जाहिर की है। उन्होंने कहा कि विद्यालय परिसर की बाउंड्री वॉल (घेराबंदी) नहीं होने के कारण स्कूल बंद होने के बाद यहाँ असामाजिक तत्वों का जमावड़ा लग जाता है। उन्होंने पहले भी बाउंड्री निर्माण के लिए आवेदन दिया था। लेकिन सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम न होने का खामियाजा आज स्कूल की बदनामी के रूप में सामने आया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए सदर डीएसपी वन, नुरुल हक ने कहा है कि पुलिस को वायरल वीडियो प्राप्त हो गया है वीडियो में दिख रहे लोगों की पहचान की जा रही है और जांच के बाद जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ शराबबंदी कानून के तहत कठोरतम कार्रवाई की जाएगी।
राज की रिपोर्ट