टाउनशिप परियोजना और भारत-अमेरिका FTA के विरोध में सड़कों पर उतरे किसान, पीएम मोदी और ट्रंप का फूंका पुतला

प्रस्तावित पाटलिपुत्र सैटेलाइट टाउनशिप परियोजना और भारत-अमेरिका मुक्त व्यापार समझौते को लेकर किसानो में आक्रोश व्याप्त है। बुधवार को पटना के नौबतपुर में किसान सड़क पर उतर आए और सरकार के विरुद्ध प्रदर्शन किया...

टाउनशिप परियोजना और FTA के विरोध में सड़कों पर उतरे किसान- फोटो : सुमित कुमार

Patna : प्रस्तावित पाटलिपुत्र सैटेलाइट टाउनशिप परियोजना और भारत-अमेरिका मुक्त व्यापार समझौते (FTA) के खिलाफ किसानों का गुस्सा फूट पड़ा है। बुधवार को 'संयुक्त किसान मोर्चा' के बैनर तले सैकड़ों किसानों और कार्यकर्ताओं ने प्रखंड सह अंचल कार्यालय पर जोरदार धरना-प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के उपरांत किसान प्रतिनिधिमंडल ने अंचलाधिकारी (सीओ) को अपनी मांगों से संबंधित ज्ञापन सौंपा।


बुद्ध चौक से निकला प्रतिरोध मार्च, राजीव गांधी चौक पर पुतला दहन

अंचल कार्यालय पहुंचने से पूर्व किसानों ने छोटी टेंगरैला स्थित बुद्ध चौक से एक विशाल प्रतिरोध मार्च निकाला। यह मार्च क्षेत्र के विभिन्न प्रमुख मार्गों से गुजरते हुए राजीव गांधी चौक पहुंचा, जहां उग्र प्रदर्शनकारियों ने केंद्र सरकार की नीतियों के खिलाफ नारेबाजी करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का पुतला फूंका।


उपजाऊ भूमि अधिग्रहण और लैंड पुलिंग का कड़ा विरोध

धरना सभा को संबोधित करते हुए किसान नेताओं ने स्पष्ट किया कि प्रस्तावित टाउनशिप परियोजना से क्षेत्र की उपजाऊ कृषि भूमि प्रभावित हो रही है। वक्ताओं ने कहा कि किसानों की सहमति के बिना 'लैंड पुलिंग' के जरिए जमीन छीनने की किसी भी सरकारी कोशिश को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा, क्योंकि कृषि भूमि ही उनकी आजीविका का एकमात्र सहारा है।


फसलों के एमएसपी की कानूनी गारंटी और पारदर्शी व्यवस्था की मांग

किसानों ने सरकार के समक्ष प्रमुख मांगें रखते हुए टाउनशिप परियोजना को तुरंत रद्द करने और भारत-अमेरिका FTA समझौते पर हस्ताक्षर न करने की ताकीद की। इसके अलावा सभी फसलों की लाभकारी कीमत पर खरीद की कानूनी गारंटी (MSP), उचित दर पर खाद-बीज की आपूर्ति और नौबतपुर अंचल कार्यालय में फैले भ्रष्टाचार पर अविलंब रोक लगाने की मांग उठाई।


मांगें पूरी न होने पर आंदोलन को और तेज करने की चेतावनी

प्रदर्शन के अंत में किसान नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि शासन और प्रशासन ने उनकी जायज मांगों पर शीघ्र सकारात्मक कदम नहीं उठाया, तो इस जन-आंदोलन को और अधिक व्यापक व उग्र बनाया जाएगा। इस मौके पर कृपानारायण सिंह, पूर्व मुखिया मधेश्वर शर्मा, पप्पू शर्मा, बिजेंद्र शर्मा, मनोज कुमार और ओमप्रकाश गुप्ता सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।


सुमित की रिपोर्ट