पटना पुलिस की ताबड़तोड़ कार्रवाई: अपराधी भुट्टा के घर से मिला हथियार, बंकाघाट के पास नाबालिग भी पकड़ाया

पटना के फतुहा नदी थाना पुलिस ने दोहरी कार्रवाई करते हुए अपहरण के आरोपी सूरज कुमार उर्फ भुट्टा के घर से कट्टा-कारतूस बरामद किया। वहीं बंकाघाट स्टेशन के पास से एक विधि-विरुद्ध बालक को भी हथियार व आईफोन के साथ पकड़ा गया।

अपहरण के आरोपी भुट्टा को पटना पुलिस ने किया गिरफ्तार/कट्टा और कारतूस भी बरामद- फोटो : Reporter

पटना के फतुहा अनुमंडल अंतर्गत नदी थाना पुलिस ने अपराधियों के खिलाफ दोहरी कार्रवाई करते हुए अवैध हथियारों की बरामदगी की है। पहली कार्रवाई हत्या के लिए अपहरण के चर्चित मामले (नदी थाना कांड संख्या 449/2026) से जुड़ी है, जिसमें गिरफ्तार आलमपुर निवासी 21 वर्षीय सूरज कुमार उर्फ भुट्टा (पिता गौतम महतो) के घर छापेमारी की गई। तलाशी के दौरान कमरे की चौकी पर रखे कार्टून में कपड़ों के नीचे छिपाकर रखा गया एक देशी कट्टा और तीन जिंदा कारतूस बरामद हुए, जिसके बाद उसके विरुद्ध कांड संख्या 452/2026 के तहत आर्म्स एक्ट में अलग से प्राथमिकी दर्ज की गई है।


बंकाघाट स्टेशन के पास घेराबंदी कर विधि-विरुद्ध बालक को पकड़ा

वहीं दूसरी कार्रवाई में 27 नवंबर को पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि एक युवक बंकाघाट रेलवे स्टेशन से पक्की दरगाह की ओर अवैध हथियार लेकर जा रहा है। सूचना पर थानाध्यक्ष के नेतृत्व में पुलिस टीम ने तत्काल घेराबंदी की, जहां पुलिस को देखकर भागने का प्रयास कर रहे युवक को खदेड़कर दबोच लिया गया।


तलाशी में देशी कट्टा, जिंदा कारतूस और आईफोन जब्त

पकड़े गए किशोर की तलाशी लेने पर उसके पास से एक देशी कट्टा, दो जिंदा कारतूस और एक आईफोन बरामद किया गया। पहचान सत्यापन के बाद उसे विधि-विरुद्ध बालक (नाबालिग) पाया गया, जिसके खिलाफ नदी थाना कांड संख्या 453/2026 के अंतर्गत आर्म्स एक्ट में मामला दर्ज कर आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।


कुल दो कट्टे और पांच कारतूस बरामद, पुलिस टीम रही सक्रिय

पुलिस की इन दोनों कार्रवाइयों में कुल दो देशी कट्टे, पांच जिंदा कारतूस और एक आईफोन जब्त किए गए हैं। इस अभियान में नदी थानाध्यक्ष सद्दाम हुसैन के साथ देवकर्ण बंटी, शैलेश प्रसाद और अजय कुमार समेत थाना की पूरी पुलिस टीम शामिल रही, जिसकी कार्रवाई से इलाके के अपराधियों में हड़कंप मचा हुआ है।

पटनासिटी से रजनीश की रिपोर्ट