बारात में डीजे की धुन पर थिरकते-थिरकते थम गई युवक की सांसें, शादी की खुशियां मातम में बदलीं
बांका जिले के शंभूगंज में शादी समारोह के दौरान उस वक्त खुशियां मातम में बदल गईं, जब बारात में डीजे की धुन पर नाच रहा 30 वर्षीय युवक अचानक जमीन पर गिर पड़ा
Banka : जिले के शंभूगंज थाना क्षेत्र के प्रतापपुर गांव में गुरुवार की रात शादी समारोह के दौरान उस समय अफरातफरी मच गई, जब बारात में डीजे की धुन पर नाच रहा एक युवक अचानक गस्त खाकर जमीन पर गिर पड़ा। साथियों ने पहले उसे नशे का असर समझा और चेहरे पर पानी के छींटे मारकर होश में लाने की कोशिश की, लेकिन जब काफी देर तक कोई हरकत नहीं हुई तो आनन-फानन में उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र शंभूगंज पहुंचाया गया। वहां चिकित्सक ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। युवक की अचानक मौत से बारात में हड़कंप मच गया। जिस घर में शादी की खुशियां मनाई जा रही थीं, वहां देखते ही देखते मातम का माहौल बन गया।
मृतक की पहचान भागलपुर के हुसैनाबाद स्थित बाल्टी कारखाना निवासी राम मंडल के 30 वर्षीय पुत्र शिवा मंडल के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, भागलपुर के बबरगंज थाना क्षेत्र निवासी अनिल राम के पुत्र मनीष कुमार की शादी शंभूगंज थाना क्षेत्र के प्रतापपुर गांव निवासी भिखारी राम की पुत्री के साथ तय हुई थी। गुरुवार की रात अनिल राम करीब 50 बारातियों के साथ प्रतापपुर पहुंचे थे। नाश्ता-पानी के बाद बाराती डीजे की धुन पर नाचते-गाते लड़की पक्ष के दरवाजे की ओर बढ़ रहे थे। इसी दौरान शिवा मंडल भी अपने कुछ साथियों के साथ डांस कर रहे थे। बताया जाता है कि बारात में शराब पार्टी भी हुई थी। इसी बीच लड़की पक्ष के दरवाजे के करीब पहुंचते ही शिवा अचानक गश खाकर गिर पड़े।
साथी अस्पताल में छोड़कर हुए गायब, बारातियों में मची अफरातफरी
युवक के जमीन पर गिरते ही साथियों ने शुरुआत में इसे शराब के नशे का असर समझा। चेहरे पर पानी डालने के बावजूद जब उसकी स्थिति में कोई सुधार नहीं हुआ तो उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र शंभूगंज ले जाया गया। वहां ड्यूटी पर तैनात चिकित्सक डॉ. अजय शर्मा ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। मौत की खबर सुनते ही बारातियों में अफरातफरी मच गई। बताया जाता है कि अस्पताल में युवक को मृत घोषित किए जाने के बाद उसके कुछ साथी शव को वहीं छोड़कर चले गए। इस घटनाक्रम से परिजनों के बीच कई सवाल खड़े हो गए हैं। उधर, लड़की पक्ष के लोगों ने किसी तरह शादी की रस्में पूरी कराईं।
शराब पिलाने का आरोप, तीन बच्चों के भविष्य की चिंता
इधर, शिवा की मौत की खबर मिलते ही पिता राम मंडल, भाई राजेश राम समेत अन्य परिजन अस्पताल पहुंचे। भाई ने बारात में मौजूद कुछ युवकों पर साजिश के तहत शराब पिलाकर हत्या करने का गंभीर आरोप लगाया है। परिजनों का कहना है कि बारात में पांच से छह युवक एक साथ शराब पार्टी कर रहे थे। इसी दौरान शिवा की तबीयत बिगड़ी और उसकी मौत हो गई। हालांकि, युवक को शराब पिलाई गई थी या मौत की कोई दूसरी वजह थी, इसकी अब तक आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
मृतक के पिता राम मंडल का रो-रोकर बुरा हाल था। वह बार-बार अपने बेटे को याद कर विलाप कर रहे थे। परिजनों के अनुसार, शिवा अपने पीछे तीन छोटे बच्चों को छोड़ गया है। अब उन मासूमों का भरण-पोषण कौन करेगा, यह सोचकर परिवार के लोगों का बुरा हाल है।
पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा, रिपोर्ट का इंतजार
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और परिजनों को समझाया। थानाध्यक्ष प्रभाकर कुमार ने बताया कि युवक की मौत शंभूगंज थाना क्षेत्र में हुई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए बांका सदर अस्पताल भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। परिजनों की ओर से लगाए गए आरोपों की भी जांच की जा रही है।फिलहाल सबसे बड़ा सवाल यही है कि डीजे की धुन पर नाचते-गाते अचानक जमीन पर गिरे शिवा की मौत आखिर किन परिस्थितियों में हुई? क्या शराब पार्टी के दौरान उसकी तबीयत बिगड़ी या इसके पीछे कोई दूसरी वजह है? इन सवालों का जवाब पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही सामने आएगा।
चंद्रशेखर की रिपोर्ट