भोज की पत्तल बनी कैनवास, मधुरेंद्र कुमार ने ट्रायंगल में उकेरे BRICS नेताओं के चित्र

बिहार के चर्चित सैंड आर्टिस्ट मधुरेंद्र कुमार ने एक अनोखा कला प्रयोग किया है। उन्होंने पारंपरिक कैनवास की जगह भोज में इस्तेमाल होने वाली पत्तल को माध्यम बनाकर BRICS 2026 में शामिल होने वाले प्रमुख वैश्विक नेताओं के चित्र तैयार किए हैं.....

भोज की पत्तल बनी कैनवास- फोटो : रजनीश

Patna : कला के लिए कैनवास का आकार नहीं, बल्कि कलाकार की कल्पना और हुनर मायने रखता है। इसी सोच को साकार करते हुए बिहार के चर्चित सैंड आर्टिस्ट मधुरेंद्र कुमार ने एक अनोखा कला प्रयोग किया है। उन्होंने पारंपरिक कैनवास की जगह भोज में भोजन परोसने के लिए इस्तेमाल होने वाली पत्तल को माध्यम बनाकर BRICS 2026 में शामिल होने वाले प्रमुख वैश्विक नेताओं के चित्र तैयार किए हैं।


मोदीजिनपिंगपुतिन समेत कई नेताओं के चित्र

मधुरेंद्र कुमार ने पत्तलों पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग, रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन, ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेज़ेशकियन, ब्राजील के राष्ट्रपति लुइज़ इनासियो लूला दा सिल्वा, दक्षिण अफ्रीका के राष्ट्रपति सिरिल रामाफोसा, मिस्र के राष्ट्रपति अब्देल फतह अल-सीसी, इथियोपिया के प्रधानमंत्री अबी अहमद और इंडोनेशिया के राष्ट्रपति प्रबोवो सुबियांतो समेत कई वैश्विक नेताओं के चित्र बनाए हैं। इन चित्रों को ट्रायंगल आकार में सजाते हुए पूरी रचना को ‘WELCOME TO INDIA – BRICS 2026’ संदेश के साथ तैयार किया गया है।


15 दिनों की मेहनतपत्तल पर उकेरी बारीक तस्वीरें

कलाकार के अनुसार इस विशेष कलाकृति को तैयार करने में करीब 15 दिनों का समय लगा। पत्तल की सतह सामान्य कैनवास से बिल्कुल अलग होने के कारण उस पर बारीक चित्रकारी करना चुनौतीपूर्ण था। इसके बावजूद उन्होंने चेहरों की रूपरेखा, आंखों, बाल, दाढ़ी और भाव-भंगिमा जैसे सूक्ष्म विवरणों को उभारने का प्रयास किया। उनका कहना है कि इस रचना का उद्देश्य केवल नेताओं के चित्र बनाना नहीं, बल्कि भारत की मेहमाननवाजी और अंतरराष्ट्रीय सहयोग की भावना को कला के जरिए सामने रखना है।


रेत से पत्तल तकप्रयोगधर्मी कला की नई कड़ी

मधुरेंद्र कुमार अपनी प्रयोगधर्मी कला के लिए जाने जाते हैं और इससे पहले रेत, मिट्टी, कोयले की राख, पीपल के पत्ते, फल और सब्जियों समेत कई अलग-अलग माध्यमों पर कलाकृतियां बना चुके हैं। इस बार साधारण रूप से भोजन परोसने में इस्तेमाल होने वाली पत्तल को कैनवास बनाकर विश्व नेताओं के चित्र उकेरना उनके कला सफर का एक नया प्रयोग है। उन्होंने रोजमर्रा की एक सामान्य वस्तु को अपनी सृजनात्मकता के जरिए कलात्मक रूप देने का प्रयास किया है।


कला के जरिए दुनिया को शांति और सहयोग का संदेश

मधुरेंद्र कुमार ने कहा कि BRICS जैसे अंतरराष्ट्रीय मंच पर विभिन्न देशों के नेता एक साथ आते हैं, ऐसे में उनकी कलाकृति का संदेश भी वैश्विक एकजुटता से जुड़ा है। उन्होंने कहा कि दुनिया के देशों को आपसी मतभेद भुलाकर संवाद और सहयोग की दिशा में आगे बढ़ना चाहिए, क्योंकि मिल-जुलकर ही शांति कायम की जा सकती है और वैश्विक चुनौतियों का समाधान निकाला जा सकता है। पत्तल पर बनाए गए इन चित्रों की तस्वीरें सोशल मीडिया पर भी लोगों का ध्यान आकर्षित कर रही हैं।


रजनीश की रिपोर्ट