Bihar News : बिहार में पहली बार होगा तलवारबाजी विश्व कप का आयोजन, जनवरी में राजगीर में जुटेंगे 25 से 28 देशों के खिलाड़ी
Bihar News : बिहार अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों के मानचित्र पर एक और बड़ी उपलब्धि दर्ज करने जा रहा है, जहां राज्य में पहली बार तलवारबाजी विश्व कप की मेजबानी की जाएगी।
PATNA : बिहार अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों के मानचित्र पर एक और बड़ी उपलब्धि दर्ज करने जा रहा है। राज्य में पहली बार तलवारबाजी विश्व कप का आयोजन होगा। जनवरी 2027 के तीसरे सप्ताह में राजगीर में कैडेट और जूनियर बालक एवं बालिका वर्ग की तलवारबाजी विश्व कप प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। इसमें 25 से 28 देशों के खिलाड़ियों के भाग लेने की संभावना है। इस आयोजन से बिहार को अंतरराष्ट्रीय खेल जगत में नई पहचान मिलने के साथ ही राज्य में तलवारबाजी के विकास को भी नई गति मिलेगी।
खेल मंत्री से मुलाकात
बिहार राज्य खेल प्राधिकरण के महानिदेशक-सह-मुख्य कार्यकारी अधिकारी रवीन्द्रण शंकरण ने बताया कि एशियाई तलवारबाजी महासंघ के महासचिव एवं भारतीय तलवारबाजी महासंघ के अध्यक्ष राजीव मेहता ने बुधवार को बिहार का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने खेल मंत्री श्रेयसी सिंह से मुलाकात कर राज्य में तलवारबाजी खेल के विकास और विस्तार पर चर्चा की। इसके बाद पाटलिपुत्र खेल परिसर, कंकड़बाग में भी इस संबंध में विस्तृत विचार-विमर्श हुआ। बैठक में जनवरी 2027 के तीसरे सप्ताह में राजगीर में विश्व कप आयोजित करने पर सहमति बनी।
राजगीर में बनेगा तलवारबाजी का सेंटर ऑफ एक्सीलेंस
विश्व कप आयोजन के साथ ही बिहार में तलवारबाजी के लिए सेंटर ऑफ एक्सीलेंस स्थापित करने की दिशा में भी पहल की जाएगी। इसके तहत राजगीर में खिलाड़ियों को आधुनिक खेल सुविधाएं, बेहतर प्रशिक्षण और विशेषज्ञ मार्गदर्शन उपलब्ध कराने की योजना है। इससे राज्य के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर की तैयारी का अवसर मिलेगा।
जमीनी स्तर पर प्रतिभाओं की होगी पहचान
राज्य में तलवारबाजी को लोकप्रिय बनाने और नई प्रतिभाओं को सामने लाने के लिए भारतीय तलवारबाजी महासंघ के सहयोग से प्रदेशव्यापी अभियान चलाया जाएगा। इसके तहत विभिन्न जिलों में प्रतिभावान खिलाड़ियों की पहचान की जाएगी। साथ ही प्रशिक्षकों को उन्नत प्रशिक्षण देने, तकनीकी अधिकारियों की दक्षता बढ़ाने और नियमित कार्यशालाएं आयोजित करने पर भी सहमति बनी है। इन योजनाओं को बिहार राज्य खेल प्राधिकरण और भारतीय तलवारबाजी महासंघ आपसी सहयोग से आगे बढ़ाएंगे।
राजगीर में विश्व कप की मेजबानी
बैठक के दौरान भारतीय तलवारबाजी महासंघ के अध्यक्ष राजीव मेहता ने खेल मंत्री श्रेयसी सिंह और महानिदेशक रवीन्द्रण शंकरण को स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया। वहीं, रवीन्द्रण शंकरण ने उन्हें बिहार की ज्ञान, शांति और गौरवशाली विरासत के प्रतीक बोधिवृक्ष का पौधा भेंट किया। इस अवसर पर गुजरात तलवारबाजी संघ के महासचिव भरत भी उपस्थित थे। राजगीर में विश्व कप की मेजबानी और सेंटर ऑफ एक्सीलेंस की स्थापना की पहल बिहार में तलवारबाजी के लिए महत्वपूर्ण साबित हो सकती है। इससे राज्य में अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों की मेजबानी की क्षमता बढ़ेगी और बिहार के खिलाड़ियों को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा दिखाने के नए अवसर मिलेंगे।