पीएमसीएच में चार विभागों के ओपीडी संचालन के दिन तय, 1 दिसंबर से लागू होगी नई व्यवस्था
मरीजों की सुविधा के लिए पीएमसीएच में न्यूरोलॉजी, गैस्ट्रोलॉजी, एंडोक्रिनोलॉजी और कार्डियोथोरेसिक विभाग के बाह्य विभाग (ओपीडी) संचालन के दिन निर्धारित किए गए हैं। नया आदेश 1 दिसंबर 2026 से लागू होगा।
पटना मेडिकल कॉलेज अस्पताल (पीएमसीएच) प्रशासन ने मरीजों के हित को ध्यान में रखते हुए चार प्रमुख विभागों के बाह्य विभाग (ओपीडी) के संचालन दिनों को लेकर कार्यालय आदेश जारी किया है। अधीक्षक कार्यालय की ओर से जारी इस आदेश के अनुसार, न्यूरोलॉजी, गैस्ट्रोलॉजी, एंडोक्रिनोलॉजी और कार्डियोथोरेसिक विभाग के विभागाध्यक्षों के अनुरोध पर यह निर्णय लिया गया है। यह नई व्यवस्था 01 दिसंबर 2026 के प्रभाव से लागू की जाएगी।
किस विभाग का ओपीडी किन दिनों में चलेगा
जारी आदेश के मुताबिक, न्यूरोलॉजी विभाग का बाह्य विभाग मंगलवार, गुरुवार और शनिवार को संचालित होगा। वहीं, गैस्ट्रोलॉजी विभाग का बाह्य विभाग मंगलवार, गुरुवार और शुक्रवार को चलेगा। एंडोक्रिनोलॉजी विभाग का बाह्य विभाग मंगलवार, शुक्रवार और शनिवार को संचालित किया जाएगा, जबकि कार्डियोथोरेसिक विभाग के बाह्य विभाग का संचालन मंगलवार, गुरुवार और शनिवार को निर्धारित किया गया है।

1 दिसंबर 2026 से लागू होगा नया आदेश
पीएमसीएच अधीक्षक के कार्यालय से जारी पत्र में स्पष्ट किया गया है कि संबंधित विभागों के बाह्य विभाग का संचालन तय तिथियों व दिनों के अनुसार 01.12.2026 से प्रभावी होगा। मरीजों की सुविधा और संबंधित विभागों के अनुरोध के आलोक में यह व्यवस्था बनाई गई है।