Bihar News: पटना के इन 2 नामी स्कूल पर FIR, CBSE के नाम पर कर रहे थे खेला, प्रशासन ने कसा शिकंजा, सील होने की नौबत!

Bihar News: बिहार में केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) के नाम का अवैध इस्तेमाल कर अभिभावकों और छात्रों को गुमराह करने का मामला सामने आया है। दो प्रतिष्ठित निजी स्कूलों पर CBSE की मान्यता का गलत इस्तेमाल करने का गंभीर आरोप लगा है। जांच में खुलासा

CBSE के नाम पर फर्जीवाड़ा - फोटो : social media

Bihar News:  बिहार की राजधानी पटना में शिक्षा के नाम पर बड़ा फर्जीवाड़ा सामने आया है। यहाँ के दो प्रतिष्ठित निजी स्कूलों पर CBSE की मान्यता का गलत इस्तेमाल करने का गंभीर आरोप लगा है। जांच में खुलासा हुआ है कि ये स्कूल बिना आधिकारिक मान्यता के ही CBSE बोर्ड का नाम और लोगो इस्तेमाल कर रहे थे, जिसके बाद प्रशासन ने इनके खिलाफ FIR दर्ज करने की सिफारिश कर दी है। बोर्ड के क्षेत्रीय कार्यालय की शिकायत के आधार पर गर्दनी बाग़ पुलिस थाना में केस दर्ज किया गया है।

दो नामी स्कूलों में FIR 

शिकायत के अनुसार सेंट पॉल्स इंटरनेशनल स्कूल, साधनापुरी और सेंट पॉल्स इंटरनेशनल हाई स्कूल, पुलिस कॉलोनी के खिलाफ आरोप मिले थे कि वे सीबीएसई से संबद्ध होने का दावा कर रहे थे। शिकायत मिलने के बाद सीबीएसई ने एक जांच समिति गठित कर दोनों स्कूलों का औचक निरीक्षण कराया।

बड़े फर्जीवाड़े का खुलासा 

जांच के दौरान पाया गया कि स्कूल परिसर और आसपास लगाए गए कई होर्डिंग्स और विज्ञापनों में “CBSE, Delhi” लिखा हुआ था, जिससे यह संदेश जा रहा था कि ये स्कूल बोर्ड से संबद्ध हैं। हालांकि बोर्ड के रिकॉर्ड के अनुसार इन दोनों विद्यालयों को सीबीएसई से कोई संबद्धता प्रदान नहीं की गई है। जांच में यह भी सामने आया कि इन स्कूलों में कक्षा 9 से 12 तक पढ़ने वाले छात्रों का पंजीकरण सीबीएसई बोर्ड परीक्षा के लिए किसी अन्य संबद्ध विद्यालय के माध्यम से कराया जा रहा था। 

पूरे राज्य में खुल सकते हैं ऐसे मामले

इससे अभिभावकों और छात्रों के बीच यह धारणा बन रही थी कि संबंधित स्कूल खुद सीबीएसई से संबद्ध हैं। निरीक्षण के दौरान स्कूल के प्रतिनिधियों ने समिति को जरूरी दस्तावेज, रिकॉर्ड और छात्रों से जुड़ी जानकारी देने से भी इनकार कर दिया और जांच प्रक्रिया में सहयोग नहीं किया। सूत्रों के अनुसार बिहार के कई जिलों में भी इसी तरह के मामले सामने आ सकते हैं। आरोप है कि कई स्कूल बिना आधिकारिक मान्यता के ही सीबीएसई के नाम का उपयोग कर स्कूल चला रहे हैं। 

अभिभावकों को कर रहे गुमराह 

कुछ संस्थान अपने बोर्ड पर छोटे अक्षरों में “To Be” और बड़े अक्षरों में “CBSE Affiliated” लिखकर अभिभावकों को भ्रमित करते हैं। बताया जा रहा है कि ऐसे स्कूल अपने यहां पढ़ने वाले छात्रों का रजिस्ट्रेशन किसी दूसरे सीबीएसई संबद्ध विद्यालय से कराकर कक्षा 9 से 12 तक पढ़ाई करवाते हैं। शिक्षा विभाग के अधिकारियों का कहना है कि अभिभावकों को बच्चों का नामांकन कराने से पहले स्कूल की संबद्धता की जांच अवश्य कर लेनी चाहिए। इसके लिए सीबीएसई की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर संबंधित स्कूल की मान्यता की जानकारी देखी जा सकती है।