Bihar News: बिहार में डबल मर्डर, वृद्ध दंपति की गला रेतकर हत्या, इलाके में फैली सनसनी

Bihar News: बिहार के बांका से डबल मर्डर की खबर सामने आ रही है। वृद्ध दंपति की गला रेतकर हत्या कर दी गई है। बताया जा रहा कि जमीन विवाद को लेकर दोहरे हत्याकांड का अंजाम दिया गया है। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।

दंपति की मौत
बांका में डबल मर्डर - फोटो : reporter

Bihar News:  बिहार के बांका में जमीन विवाद को लेकर दोहरे हत्याकांड से सनसनी फैल गई है। बांका थाना क्षेत्र के बसंतपुर गाँव में देर रात अज्ञात अपराधियों ने एक वृद्ध दंपति की धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या कर दी। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। मृतकों की पहचान बसंतपुर गांव निवासी केलाश यादव और उनकी पत्नी सामरी देवी के रूप में हुई है।

दंपति का निर्मम हत्या

मिली जानकारी के अनुसार, वृद्ध दंपति रोज की तरह अपने घर के पास बने गोहाल में सो रहे थे। इसी दौरान देर रात अज्ञात अपराधी वहां पहुंचे और धारदार हथियार से दोनों का गला रेतकर उनकी निर्मम हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद अपराधी मौके से फरार हो गए। सुबह जब ग्रामीणों की नजर गोहाल की ओर पड़ी तो दंपति खून से लथपथ हालत में पड़े मिले। यह दृश्य देखकर गांव में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में लोग घटनास्थल पर जुट गए। इसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई।

लंबे समय से चल रहा था विवाद 

ग्रामीणों के मुताबिक मृतक दंपति का गांव के कुछ लोगों के साथ जमीन को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। आशंका जताई जा रही है कि इसी विवाद के चलते इस जघन्य वारदात को अंजाम दिया गया है। हालांकि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। घटना की सूचना मिलते ही अमर विश्वास और सुधीर कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए डॉग स्क्वायड और एफएसएल टीम को भी जांच के लिए बुलाया गया है।

जांच में जुटी पुलिस

पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आसपास के लोगों से पूछताछ कर सुराग जुटाने की कोशिश की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही अपराधियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा। इस दिल दहला देने वाली घटना के बाद बसंतपुर गांव सहित आसपास के इलाके में भय और दहशत का माहौल बना हुआ है।

बांका से चंद्रशेखर कुमार भगत की रिपोर्ट