महिलाओं पर अभद्र टिप्पणी मामले में यूट्यूबर यश महेश्वरी के खिलाफ FIR दर्ज, कोतवाली थाने बीजेपी महिला नेताओं ने सौंपा था आवेदन

बिहार की महिलाओं के विरुद्ध कथित रूप से अभद्र टिप्पणी करना यूट्यूबर व कॉमेडियन यश महेश्वरी को महंगा पड़ गया है। पटना के कोतवाली थाने में यूट्यूबर यश महेश्वरी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज हो गई है....

यूट्यूबर यश महेश्वरी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज - फोटो : अभिजीत

Patna : बिहार की महिलाओं के विरुद्ध कथित रूप से अभद्र, अपमानजनक और आपत्तिजनक टिप्पणी करने के मामले में यूट्यूबर व कॉमेडियन यश महेश्वरी (@Almostyash) के खिलाफ पटना के कोतवाली थाने में प्राथमिकी (FIR) दर्ज की गई है। भाजपा की प्रदेश महामंत्री प्रीति शेखर के नेतृत्व में भाजपा महिला नेताओं ने थाने पहुंचकर इस संबंध में शिकायत दर्ज कराई थी और आरोपी के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की थी।


हास्य और मनोरंजन के नाम पर महिलाओं का अपमान स्वीकार्य नहीं

शिकायत में आरोप लगाया गया है कि यश महेश्वरी ने अपने यूट्यूब चैनल और अन्य सोशल मीडिया मंचों के माध्यम से बिहार की महिलाओं को निशाना बनाते हुए कथित तौर पर अभद्र एवं अशोभनीय टिप्पणियां कीं, जिससे महिलाओं की गरिमा और प्रतिष्ठा को ठेस पहुंची है। महिला नेताओं ने कहा कि हास्य, व्यंग्य और मनोरंजन की आड़ में किसी को भी महिलाओं का अपमान करने की छूट नहीं दी जा सकती।


बीएनएस और आईटी एक्ट की विभिन्न धाराओं में कार्रवाई व डिजिटल साक्ष्य सुरक्षित करने की मांग

इस मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS), 2023 की धारा 75, 79, 351 और 352 के साथ-साथ सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम (IT Act) की धारा 66सी और 66डी सहित अन्य सुसंगत प्रावधानों के तहत कार्रवाई की मांग की गई है। आवेदन में संबंधित वीडियो, यूआरएल, स्क्रीनशॉट और अन्य डिजिटल साक्ष्यों को सुरक्षित रखकर उनकी गहन जांच करने का अनुरोध भी किया गया है।


प्रीति शेखर ने कहा— अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता मर्यादा के दायरे में हो

भाजपा प्रदेश महामंत्री प्रीति शेखर ने कहा कि अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता प्रत्येक नागरिक का संवैधानिक अधिकार है, लेकिन इसका प्रयोग कानून और सामाजिक मर्यादा के दायरे में होना चाहिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि स्वस्थ हास्य और आलोचना का कोई विरोध नहीं है, परंतु किसी राज्य की महिलाओं को लक्षित कर अपमानजनक टिप्पणी करना किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं है और सोशल मीडिया पर लोकप्रियता के लिए महिलाओं की गरिमा से समझौता नहीं किया जा सकता।


विधायक और विधान पार्षद सहित बड़ी संख्या में महिला नेत्रियां रहीं मौजूद

शिकायत दर्ज कराने के दौरान प्रदेश उपाध्यक्ष शीला कुशवाहा, विधायक निशा सिंह, विधान पार्षद शीला प्रजापति, विधायक संगीता कुमार, चंचल सिंह, चेतना झांब, संगीता सिंह, सरोज जायसवाल, आशा किरण, शांति जायसवाल, शशि बलदिहार, कुमारी वसुधा और वीणा सिंह सहित भाजपा व महिला मोर्चा की कई पदाधिकारी उपस्थित रहीं। सभी ने पुलिस से निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की है।


अभिजीत की रिपोर्ट